Spread the love

शिमला। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अपने शिमला ग्रामीण विधानसभा के दो दिवसीय दौरे के दौरान शनिवार को ग्राम पंचायत डोमैहर, हिमरी और ओगली का किया दौरा। उन्होंने “मंत्री आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत जनसमस्याएं सुनीं और उनका निपटारा किया। 

डोमैहर पंचायत में आयोजित “मंत्री आपके द्वार” कार्यक्रम के दौरान स्कूल प्रबंधन समिति डोमैहर ने लोक निर्माण मंत्री को शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया और स्मृति चिन्ह भी भेंट किया।

लोक निर्माण मंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र की समस्याओं के निदान के लिए इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। सुन्नी में एसडीएम कार्यालय खोलने की मांग कई वर्षों से थी, जिसे हमारी सरकार ने पूरा किया है। उन्होंने कहा कि डुमैहर पंचायत में 8 करोड़ 16 लाख रुपए की लागत से विकास कार्य चल रहे हैं। हम तथ्यों के आधार पर विकास कार्यों की चर्चा करते हैं और विकास कार्य बिना किसी भेदभाव के क्षेत्र में किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मतलोड़ मार्ग के लिए वन विभाग की टीम साइट इंस्पेक्शन करेगी और इसके बाद एफसीए के तहत यह मामला भेजा जाएगा। क्षेत्र की डोमैहर पंचायत में विभिन्न विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से 5 लाख रुपए देने की घोषणा की। वही मतलोड़ को जाने वाले रास्ते की मरम्मत कार्य के लिए विधायक निधि से 01 लाख रुपए देने की घोषणा की।

पिछले ढाई साल के कार्यकाल में केंद्र से लाये 3952 करोड़ रुपए 

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार से लोक निर्माण विभाग में पिछले ढाई साल के कार्यकाल में 3952 करोड़ रुपए लाए जा चुके है। प्रदेश भर में लोक निर्माण विभाग तीव्रता से विकास कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पंचायत में भ्रष्टाचार को रोकने के लिए प्रदेश सरकार ने कैबिनेट में फैसला लिया है कि जिस तरह पंचायत प्रधान पर आपराधिक मामला दर्ज होता है। इसी तरह अब पंचायत सचिव पर भी अपराधिक मामला दर्ज होगा। 

ग्राम पंचायत हिमरी में सुनी जनसमस्याएं 

लोक निर्माण मंत्री ने ग्राम पंचायत हिमरी में “मंत्री आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत पंचायत भवन में जन समस्याएं सुनी। ग्राम पंचायत हिमरी प्रधान पूनम सूर्यवंशी ने मंत्री को शॉल टोपी पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि विकास कार्य निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति प्रदान की थी। उन्हीं के मार्गदर्शन से शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह क्षेत्रवाद की राजनीति नहीं करते हैं। वह शिमला ग्रामीण के साथ-साथ पूरे प्रदेश में संतुलित विकास करने का लक्ष्य लेकर चले हैं। 

जलोग में स्थापित होगा दूध एकत्रीकरण केंद्र 

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जलोग में एक दूध एकत्रीकरण केंद्र स्थापित किया जायेगा ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके और किसानों को घर द्वार पर सुविधाएं मिल सके। हिमरी पंचायत में प्रदेश सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में 52 लाख रुपए स्वीकृत करवाए जा चुके है। क्षेत्र की सड़कों के किनारे क्रैश बैरियर स्थापित करने का कार्य तेजी से शुरू किया जाएगा। वहीं क्षेत्र की 17 सड़कों के अपग्रेडेशन कार्य को अति शीघ्र आरंभ कर दिया जाएगा। पंचायत में 24 करोड़ रुपए से सड़कों के कार्य चल रहे है। कैबिनेट मंत्री ने सराय भवन घडेरी और हिमरी के लिए विधायक निधि से दो-दो लाख रुपए देने की घोषणा की।

क्लस्टर स्कूल स्थापित होंगे 

लोक निर्माण मंत्री ने कहा प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है। हमारी सरकार क्लस्टर स्कूल स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इन स्कूलों में हर सुविधा होगी। शिक्षक और गैर शिक्षकों के सभी पद भरे जाएंगे और शिक्षण प्रणाली भी अत्याधुनिक होगी। सरकारी स्कूलों में बच्चों की संख्या घट रही है जिसके लिए हम सभी को मिलकर सोचना होगा। इसके पश्चात कैबिनेट मंत्री ने ओगली में भी जनसमस्याएं सुनी। 

एसडीएम सुन्नी राजेश वर्मा, खंड विकास अधिकारी स्पर्श शर्मा, निदेशक हिमाचल प्रदेश कोऑपरेटिव बैंक हरिकिशन हिमराल, जिला परिषद सदस्य रीना कुमारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग राजेश अग्रवाल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष गोपाल शर्मा, नगर परिषद सुन्नी अध्यक्ष प्रदीप शर्मा, बीडीसी उपाध्यक्ष कमल प्रकाश, युवा ब्लॉक कांग्रेस बसंतपुर अध्यक्ष दीपक शर्मा, ग्राम पंचायत डोमैहर प्रधान हिम दास पाल, उप प्रधान हिमरी पंचायत जगदीश वर्मा, महेश्वर प्रकाश शर्मा, अधिवक्ता नरेश वर्मा, प्रेम लाल वर्मा, ठाकुर मेहर सिंह सहित विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *