शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश कांग्रेस सरकार के राजस्व व बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी के बयान को निंदनीय और अशोभनीय करार दिया है। उन्होंने कहा कि राजस्व मंत्री ने जिस तरह की भाषा का प्रयोग करते हुए मंडी, सिराज और हिमाचल की जनता का अपमान किया है, वह अक्षम्य अपराध है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान है, जिसके लिए लाखों लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी, लेकिन तिरंगे की आड़ में अपने पापों को छिपाने का प्रयास कांग्रेस सरकार कर रही है । उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में हजारों लोग आपदा से त्रस्त हैं, मगर सरकार और मंत्री केवल राजनीति में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि यह मित्रों की सरकार है, जिसमें केवल उनके करीबी लोगों की ही बल्ले-बल्ले हो रही है। कॉलेज शिफ्ट करने, संस्थानों को बंद करने, झूठे मुकदमे दर्ज कर जनता को डराने, जेल में डालने और ऐसे हालात पैदा करने का काम हो रहा है, जिससे लोग अपनी आवाज न उठा सकें।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और राजनीति में डूबी कांग्रेस सरकार के कारण आज हिमाचल की जनता त्राहिमाम कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता के खिलाफ झूठे मुकदमे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
