सोसाइटी फॉर टूरिज्म, स्पोर्ट्स, ट्रेड एंड एंप्लॉयमेंट जेनरेशन की बैठक आयोजित
बिलासपुर। जिला मुख्यालय बिलासपुर में वीरवार को सोसाइटी फॉर टूरिज्म, स्पोर्ट्स, ट्रेड एंड एंप्लॉयमेंट जेनरेशन की बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त एवं सोसाइटी के अध्यक्ष राहुल कुमार ने की। बैठक में जिला में पर्यटन, खेल, व्यापार और स्वरोजगार से संबंधित गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की गई।
उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि जिला बिलासपुर को वॉटर स्पोर्ट्स का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा। इस दिशा में बिलासपुर शहर से लेकर भाखड़ा बांध तक वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों के लिए उपयुक्त स्थलों की पहचान की जा रही है। उन्होंने एसडीएम श्री नैना देवी जी, धर्मपाल को निर्देश दिए कि भाखड़ा बांध के आसपास नकराणा क्षेत्र में वॉटर स्पोर्ट्स की संभावनाएं तलाशी जाएं। उन्होंने कहा कि नकराणा क्षेत्र श्री नैना देवी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और भाखड़ा बांध देखने आने वाले पर्यटकों के लिए एक उपयुक्त स्थल है। यहां वर्षभर जल का स्तर समान बना रहता है, जिससे पूरे साल वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित किया जा सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पर्यटन विभाग और स्थानीय प्रशासन को संयुक्त निरीक्षण के निर्देश भी दिए गए हैं।
उपायुक्त ने मंडी भराड़ी क्षेत्र में ग्लास ब्रिज निर्माण की संभावनाओं को लेकर पर्यटन विभाग के अधिकारियों को शीघ्र सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि यह स्थान पर्यटन की दृष्टि से एक प्रमुख आकर्षण बन सके। उन्होंने कहा कि जिला में वॉटर स्पोर्ट्स के साथ-साथ एयरो स्पोर्ट्स को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए पर्यटन विभाग को निर्देश दिए गए कि इस क्षेत्र को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन मानचित्र पर लाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाए। उन्होंने निकट भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन की योजना को मूर्त रूप देने पर बल दिया। बैठक में सोसाइटी से संबंधित सभी अधिकारी उपस्थित रहे।
