किन्नौर जिला के पुलिस लाइन रिकांगपिओ से तेलंगी गांव तक आयोजित की गई दौड़
पुलिस अधीक्षक किन्नौर ने हरी झंडी दिखाकर स्वयं भी दौड़ में भाग लिया
रिकांगपिओ। युवाओं को नशे से दूर रखने व एक स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से रविवार प्रात: जनजातीय जिला किन्नौर के रिकांगपिओ स्थित पुलिस लाइन से तेलंगी गांव तक एंटी-ड्रग वॉक/रन का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक शेखर ने हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया और स्वयं भी एंटी-ड्रग दौड़ में भाग लिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि समाज में नशे की लत को समाप्त करना व युवा पीढ़ी को इसके दुष्प्रभावों बारे जागरूक किया जा रहा है। इसके दृष्टिगत इस एंटी-ड्रग वॉक/रन को आयोजित किया गया ताकि युवा नशे की लत से बच सकें और एक स्वस्थ जीवन यापन कर सशक्त राष्ट्र के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि जिस समाज व राष्ट्र का युवा फिट होता है वह समाज जागरूक, दूरदर्शी व प्रगतिशील होने को राह में सदैव अग्रसर रहता है।
इस एंटी-ड्रग वॉक/रन में जनजातीय सलाहकार परिषद के सदस्य डॉ. सूर्या बोरस नेगी ने भी भाग लिया तथा स्वयं युवाओं के साथ दौड़ कर उन्हें स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।
इसके अलावा उप पुलिस अधीक्षक नवीन जालटा, स्थानीय लोग, स्कूली बच्चे, विभागीय कर्मचारी व पुलिस विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने एंटी-ड्रग वॉक/रन में भाग लिया।
