कुलदीप पठानिया ने स्वयं संभाली मेजबानी की कमान
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, राज्य सभा उप-सभापति हरिवंश, संसदीय कार्यमंत्री हर्षवर्धन चौहान, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर उद्घाटन समारोह में करेंगे शिरकत
धर्मशाला। धर्मशाला स्थित तपोवन विधानसभा भवन में आयोजित होने वाले राष्ट्र मण्डल संसदीय संघ वार्षिक सम्मेलन भारत क्षेत्र -॥ की मेजबानी की कमान विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने खुद संभाल ली है। पठानिया पिछले कल तैयारियों का जायजा लेने के लिए शिमला से गत सायं धर्मशाला पहुँचे। उन्होने आयोजन स्थल पर हर जगह का स्वयं निरिक्षण किया तथा हर व्यवस्था समुचित हो सभी को दिशा-निर्देश दिए।
कुलदीप पठानिया ने 30 जून व 1 जुलाई को विधानसभा परिसर तपोवन में आयोजित होने वाले दोपहर के भोज के लिए बैठने की व्यवस्था तथा परोसे जाने वाले व्यंजनों का भी चयन किया। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के पास भोजन तैयार करने तथा परोसने का जिम्मा सौंपा गया है।
विधानसभा अध्यक्ष ने सदन के अंदर बैठने की व्यवस्था को भी अन्तिम रूप दिया तथा सदन के अंदर साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। विधानसभा अध्यक्ष ने विशिष्ट अतिथियों को सम्मेलन के दौरान तपोवन भवन में आवंटित कक्ष का भी निरीक्षण किया तथा सभी कक्ष में इंटरनेट सुविधा तथा वातानुकूल सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
पठानिया ने शनिवार को विशिष्ट अतिथियों के ठहरने की जगहों का भी दौरा कर निरीक्षण किया। गौरतलब है कि लोकसभा अध्यक्ष, राज्यसभा के उप सभापति तथा सभी राज्यों के विधान सभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व उनके साथ आ रहे मुख्य सचेतक, उप मुख्य सचेतक तथा विधायकगण होटल हयात धर्मशाला में ठहर रहे हैं, जबकि अन्य अतिथि होटल इन्द्रप्रस्थ में ठहरेंगे।
पठानिया ने दोनो होटल के प्रबन्धकों को अतिथियों के स्वागत तथा ठहरने में कोई कठिनाई न हो के निर्देश दिए तथा उतम सेवाएं मुहैया करवाने को कहा। इस अवसर पर पठानिया ने जिला प्रशासन को यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने तथा किसी भी तरहके व्यवधान को दूर करने के निर्देश दिए।
लोकसभा अध्यक्ष एवं राष्ट्र मण्डल संसदीय संघ भारत के अध्यक्ष ओम बिरला 30 जून को प्रातः 8 बजे हवाई मार्ग द्वारा गगल एयरपोर्ट पहुंचेंगे जहां विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया स्वयं उनकी अगवानी करेंगे।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू सम्मेलन में भाग लेने 29 जून को धर्मशाला पहुंच रहे हैं। सम्मेलन का शुभारम्भ 30 जून को पूर्वाह्न 10 बजे होगा। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया इस अवसर पर स्वागत सम्बोधन देंगे तथा मंच पर विराजमान अतिथियों को सम्मानित करेंगे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, राज्य सभा उप-सभापति हरिवंश, संसदीय कार्यमंत्री हर्षवर्धन चौहान, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर उद्घाटन समारोह में अपना अपना सम्बोधन देंगे, जबकि विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार धन्यवाद सम्बोधन देंगे।
सम्मेलन में कुल तीन सत्र आयोजित किए जाएंगे, जहां चर्चा के लिए चयनित तीनों विषयों पर गहरी चर्चा व मंथन किया जाएगा। सभी अतिथि 29 जून को धर्मशाला पहुंच जाएंगे तथा सम्मेलन का समापन समारोह 1 जुलाई को होगा।
