Spread the love

जिला स्तरीय कार्यक्रम में नशे के खिलाफ दिया गया जागरूकता का संदेश 

शिमला‌। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा समाज में इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि नशा समाज को भीतर से खोखला कर रहा है और इसे जड़ से खत्म करने के लिए प्रशासन, समाज, अभिभावकों और युवाओं को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि मात्र एक बार प्रयोग करने से ही नशे की लत लगना संभव है इसलिए युवाओं को नशे से हर प्रकार की दूरी बनाकर रखनी चाहिए। वे वीरवार को नशीली दवाओं के दुरूपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर यहां बचत भवन सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम में बोल रहे थे। 

उपायुक्त ने छात्रों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए कहा कि आप सभी हमारे देश तथा प्रदेश का भविष्य है। उन्होंने कहा कि शिक्षा से ही हमारे ज्ञान का विकास संभव है इसलिए सभी छात्र अपने दैनिक जीवन में पढ़ने की आदत डालें। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ संवाद ही समाधान है। सभी बच्चों को अपने माता-पिता के साथ संवाद स्थापित करना होगा ताकि कोई भी बच्चा नशे की ओर न जाये।  

कार्यक्रम में शिमला शहर के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा पेंटिंग, नारा लेखन एवं भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से अपने विचार प्रस्तुत किए गए। 

इस दौरान विशेषज्ञों द्वारा नशे के कारण, प्रभाव एवं रोकथाम के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी गयी, जिसमें उप चिकित्सा अधीक्षक आईजीएमसी डॉ. प्रवीण भाटिया एवं डीएसपी पुलिस मुख्यालय विजय रघुवंशी ने अपनी बात रखी। कार्यक्रम के दौरान नशे के दलदल से बाहर निकले ड्रग वारियर राकेश शर्मा एवं दुनी चंद ने भी अपने विचार साझा किये। 

उपायुक्त ने उपस्थित सभी लोगों को नशा निवारण पर शपथ दिलाई एवं हस्ताक्षर अभियान का शुभारम्भ किया। उपायुक्त ने प्रतियोगिता में विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। 

जिला कल्याण अधिकारी कपिल शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा नशा निवारण पर करवाई जा रही गतिविधियों से अवगत करवाया। 

ये रहे विजेता

भाषण प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टूटीकंडी से खुशबू ने प्रथम स्थान, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय जाखू से अन्वेषा ने द्वितीय स्थान एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टूटीकंडी से आर्यन ने तृतीय स्थान हासिल किया।  

नारा लेखन प्रतियोगिता में एसडी वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला से महक ने प्रथम स्थान, एसडी वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला से आजाद ने द्वितीय स्थान एवं सेंट थॉमस स्कूल से मनरीत ने तृतीय स्थान हासिल किया। 

चित्रकला प्रतियोगिता में एसडी वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला से अनिष्का ने प्रथम स्थान, एसडी वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला से मानवी दास ने द्वितीय स्थान एवं  राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टूटीकंडी से इतमोन ने तृतीय स्थान हासिल किया।

निर्णायक मंडल में जिला लोक संपर्क अधिकारी सिंपल सकलानी, जिला भाषा अधिकारी अनिल हारटा एवं तहसील कल्याण अधिकारी सुरेंद्र भीमटा ने अपनी भूमिका निभाई। 

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा, उपमंडलाधिकारी (ना.) शिमला ग्रामीण मंजीत शर्मा, गैर सरकारी संगठन से मानव कल्याण सेवा समिति, ज्ञान विज्ञान समिति एवं एडिक्शन रेस्क्यू फाउंडेशन के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed