Spread the love

शिमला। हिमाचल में आज कोरोना संक्रमण से 8 मरीजों की मौत हो गई। इसके साथ ही राज्य में कोरोना संक्रमण से मौत का आंकड़ा दो सौ का आंकड़ा पार कर गया है। प्रदेश के सबसे बड़े आईजीएमसी अस्पताल में कोरोना संक्रमण के कारण तीन लोगों की मौत हो गई। आईजीएमसी में 36 वर्षीय व्यक्ति, 77 वर्षीय बुजुर्ग महिला, 67 वर्षीय मरीज की मौत हुई है। जिन व्यक्तियों की मौत हुई है, वे शिमला, नालागढ़, सिरमौर व आसपास के क्षेत्रों से आए थे। वहीं, कांगड़ा जिले में बैजनाथ के 56 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति को फेफड़ों और लीवर की समस्या थी। शनिवार सुबह उसने घर पर दम तोड़ दिया। मंडी जिले में नेरचौक मेडिकल कॉलेज में कुल्लू के 70 वर्षीय कोरोना संक्रमित बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक डोभी, कुल्लू का रहने वाला था। उसे 30 सितंबर को कुल्लू से नेरचौक मेडिकल कालेज रैफर किया गया था। वहीं, बिलासपुर जिले में में 69 वर्षीय मरीज की कोरोना संक्रमण से मौत हुई है। वहीं, सिरमौर जिले में 78 वर्षीय बुजुर्ग महिला की भी इस संक्रमण से मौत हुई है। राज्य में कोरोना संक्रमण से मौत का आंकड़ा बढ़कर 205 हो गया है। 

उधर, प्रदेश में कोरोना संक्रमण के 241 नए मामले पाजिटिव आए हैं। मंडी जिले में 50, शिमला जिले में 44, कांगड़ा जिले में 41, सोलन जिले में 23, कुल्लू जिले में 20, बिलासपुर, चंबा और हमीरपुर जिलों में 13-13,  ऊना में 12, सिरमौर में 11 और लाहौल-स्पीति जिले में एक मामला कोरोना संक्रमित आया है। राज्य में कोरोना संक्रमण के 15695 केस हो चुके हैं। इनमें से अब तक 12173 मरीज ठीक हो चुके हैं और पिछले 24 घंटे के दौरान 197 मरीज ठीक हुए हैं। अब राज्य में 3292 एक्टिव केस हैं। शिमला जिले में संजौली, मल्याणा, अनाडेल, विकास नगर, पंथाघाटी, संकट मोचन, नाभा, लक्कड़ बाजार, सेना अस्पताल, बियोलिया, रामपुर, रोहड़ू, कुमारसैन, मतियाना, कुपवी, नेरवा, जुब्बल कोटखाई से कोरोना पाजिटिव मामले आए हैं। हमीरपुर जिले में 13 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्चना सोनी ने बताया कि इनमें से 12 कोरोना संक्रमित व्यक्तियों के प्राथमिक संपर्क के कारण पॉजिटिव हुए हैं। इनमें गलोड़ क्षेत्र के गांव ब्राहलड़ी के तीन लोग 65 वर्षीय महिला, 17 वर्षीय युवक और 66 वर्षीय व्यक्ति, कुठेड़ा क्षेत्र के गांव भाटी के तीन लोग 46 वर्षीय महिला, 24 वर्षीय युवती और 23 वर्षीय युवक, नादौन के गांव किटपल के तीन लोग 34 वर्षीय महिला, 21 वर्षीय युवक और 44 वर्षीय व्यक्ति, सेरा क्षेत्र के गांव जरोट के दो लोग 35 वर्षीय महिला और 10 वर्षीय बच्ची तथा गांव बकारटा डाकघर मसियणा का 46 वर्षीय व्यक्ति शामिल है। इनके अलावा गांव घलूं की 40 वर्षीय महिला की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *