Spread the love

मुख्यमंत्री ने की पिपलू मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता 

ऊना। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को बंगाणा में तीन दिवसीय पिपलू मेले के समापन अवसर पर बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने बंगाणा स्थानीय विश्राम गृह में लोगों की समस्याएं सुनने के बाद शोभायात्रा में भाग लिया। भलेती में जनसभा को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मेले किसी भी क्षेत्र की लोक संस्कृति व भाईचारे के प्रतीक होते हैं। उन्होंने बंगाणा के लोगों को मेले की बधाई दी। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं ताकि किसान इस खेती को अपनाकर अपनी अर्थिकी को और मजबूत कर सकें। उन्होंने स्थानीय किसानों का आह्वान करते हुए कहा कि वह सरकार की इस योजना का हिस्सा बनकर प्रदेश को प्राकृतिक खेती राज्य के रूप में पहचान स्थापित करने में अपना योगदान दें। 

उन्होंने क्षेत्र के विकास को लेकर स्थानीय विधायक विवेक शर्मा द्वारा किए जा रहे सतत प्रयासों की सराहना की। 

इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने उपमंडल बंगाणा में लगभग 119.51 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास और लोकार्पण किए। उन्होंने 2.12 करोड़ रुपये से निर्मित अधिशाषी अभियंता के संभागीय कार्यालय भवन थानाकलां, 61.51 लाख रुपये से बरनोह में निर्मित जल गुणवत्ता एवं निगरानी प्रशिक्षण केंद्र, 2.44 करोड़ रुपये से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जठेहड़ी के स्कूल भवन, 1.45 करोड़ रुपये से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चमियाड़ी, 93.69 लाख रुपये से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंदली में स्कूल के 4 कमरों, 10.31 करोड़ रुपये से ओलिंडा से बोहरू सम्पर्क मार्ग के मैटलिंग/टारिंग और 12.22 करोड़ रुपये से सैली से हंडोला वाया कमून पट्टियां और सैली महादेव मंदिर वाया जीपीएस लूबोवाल सड़क तथा 10.73 करोड़ रुपये से ग्रामीण आजीविका केंद्र बंगाणा के भवन का लोकार्पण किया। 

उन्होंने 2.35 करोड़ रुपये से झंबर-कुरियाला-सुरजेहड़ा, मदनपुर-बसोली, पनोह-घंडावल और धमांदरी-संझोट उठाऊ जलापूर्ति योजना के सुधारीकरण, 10.59 करोड़ रुपये से ग्राम पंचायत मोह मीनार में बौल और मोह खास के लिए सिंचाई योजना, 1.83 करोड़ रुपये से टक्का और लोअर बसाल में टयूबवैल निर्माण, 7.20 करोड़ रुपये से सिंचाई सुविधा के लिए जस्साना खड्ड, बंगाणा खड्ड, थानाकलां और छपरोह खड्ड में वर्षा जल संग्रह संरचना के निर्माण, 6.72 करोड़ रुपये से राज्य कर और उत्पाद शुल्क केंद्रीय प्रवर्तन क्षेत्र ऊना कार्यालय के आवास के निर्माण कार्य, 5.98 करोड़ रुपये से खरूनी से खैरियां वाया चपलाह, गारली-डीहर, मकड़ी और चम्बोआ सड़क, 10.44 करोड़ रुपये से नाबार्ड के तहत बौल, झम्बर, लाम, टक्का और मौहल्ला बातियां हरिजन में पुल निर्माण कार्य तथा 33.59 करोड़ रुपये से भियांबी से बड़सर सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया।

इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कुटलेहड़ के विधायक विवेक शर्मा, एडवोकेट जनरल अनूप रतन, प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य डॉ. विजय डोगरा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राम आसरा, पार्टी पदाधिकारियों सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed