शिक्षा मंत्री ने 13वीं ज़िला स्तरीय आईटीआई (महिला) खेलकूद प्रतियोगिता में शिरकत की
शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा है कि छात्र जीवन में पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का महत्वपूर्ण स्थान है, जिससे न केवल छात्र एवं छात्राओं में शारीरिक स्वास्थ्य सुदृढ़ होता है बल्कि प्रदेश की विविध संस्कृतियों से भी परिचय का अवसर मिलता है। वे शुक्रवार को औद्योगिक प्रशिक्षण संसथान जुब्बल में 13वीं ज़िला स्तरीय आईटीआई (महिला) खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में बोल रहे थे।
शिक्षा मंत्री ने महिला सशक्तिकरण पर बल देते हुए कहा कि वर्तमान समय में लड़कियां किसी भी क्षेत्र में लड़कों से पीछे नहीं है। इस प्रकार की प्रतियोगितायें छात्राओं को अधिक सशक्त बनाती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार गुणवत्ता युक्त शिक्षा के विषय में गंभीरता से कार्य कर रही है और विशेषकर कौशल आधारित शिक्षा पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है। इसी दृष्टि से औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान जुब्बल में सोलर टेक्निशियन का नया ट्रेड शुरू किया गया है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि इंजीनियरिंग महाविद्यालय प्रगतिनगर के सर्वांगीण विकास के लिए 48 करोड़ रुपए स्वीकृत किये गए हैं। औद्योगिक प्रशिक्षण संसथान में मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, मोटर व्हीकल का कोर्स शुरू किया गया है। इंजीनियरिंग कॉलेज में बी टेक सिविल इंजीनियरिंग का कोर्स शुरू किया गया है। वहीं, पॉलिटेक्निक कॉलेज में इलेक्ट्रीशियन के कोर्स को फिर से शुरू किया गया है।
रोहित ठाकुर ने कहा कि नावर क्षेत्र में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान टिक्कर के भवन का निर्माण कार्य 5 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से पूर्ण किया गया है। इस बार इस संस्थान ने कोपा का नया कोर्स भी शुरू किया है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगारपरक और गुणवत्ता युक्त शिक्षा प्रदान करने के लिए सरकार गंभीर है। वहीं खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए भी सरकार ने ज़रूरी कदम उठाए है। जुब्बल स्थित खेल छात्रावास में जहाँ इससे पूर्व केवल वॉलीबाल का प्रशिक्षण दिया जाता था, वहीं अब कबड्डी और बैडमिंटन का प्रशिक्षण भी दिया जायेगा, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को घर द्वारा पर ही उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त होगा।
शिक्षा मंत्री ने प्रतियोगिता में जीती हुई टीमों को पुरस्कार वितरित किये। उन्होंने सांस्कृतिक नृत्य दल शिमला और एकल गायन दल कुमारसैन की प्रत्येक छात्रा को 2 हज़ार रुपये देने की भी घोषणा की।
30 जून तक पूर्ण करे शहरी आजीविका भवन का कार्य
शिक्षा मंत्री ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान जुब्बल परिसर में 10 करोड़ 44 लाख रुपए की लागत से निर्माणाधीन शहरी आजीविका भवन का भी निरिक्षण किया। आधुनिक तकनीक से बनने वाले भवन का 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने निर्माण से सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को 30 जून 2025 तक कार्य को पूरा करने के निर्देश दिये।
शिक्षा मंत्री ने जल शक्ति मंडल जुब्बल की ऐप का किया शुभारम्भ
शिक्षा मंत्री ने जल शक्ति विभाग मण्डल जुब्बल द्वारा तैयार की गयी ऐप का शुभारम्भ किया। ऐप के माध्यम से विभाग द्वारा संचालित पम्पों को नियंत्रित और संचालित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से जहां कार्य में दक्षता आएगी वहीं विभाग पैसे की भी बचत होगी। इसके अतिरिक्त इस ऐप के माध्यम से किसान एवं बागवान अपने खेतों में की जाने वाली सिंचाई की जानकारी भी हासिल कर सकेंगे।
अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग अजीत नेगी ने बताया कि यह अपने आप में एक महत्वपूर्ण कार्य है जिसके माध्यम से ना केवल जल आपूर्ति को सामान्य बनाए रखने में सहयोग मिलेगा बल्कि विभाग को पैसे की बचत भी होगी।
इस अवसर पर जुब्बल कोटखाई युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक काल्टा, प्रधानाचार्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान जुब्बल जय किशन चौहान, ज़िले भर से आये दलों के प्रभारी, नायब तहसीलदार सरस्वतीनगर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
