Spread the love

लोक निर्माण मंत्री ने किया राज्य स्तरीय रोहडू मेले का शुभारंभ

शिमला। लोक निर्माण विभाग एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रविवार को राज्य स्तरीय रोहड़ू मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने 19 करोड़ 11 लाख रुपए की लागत से स्तरोन्नत होने वाली रोहड़ू-चिड़गांव-डोडरा क्वार सड़क के विस्तारीकरण कार्य का भूमि पूजन भी किया।

रामलीला मैदान रोहड़ू में विशाल जनसमूह को सम्बोधित करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि रोहड़ू से उनका एक भावनात्मक और पारिवारिक सम्बन्ध है जिसकी नींव स्व. वीरभद्र सिंह ने रखी थी और आज भी यहाँ के लोगों से उन्हें भरपूर सहयोग और आशीर्वाद मिलता है। इसलिए रोहड़ू के चहुंमुखी विकास को वे प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने कहा कि आज रोहड़ू में 70 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न सड़कों के कार्य चल रहे हैं। 

लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि सरकार के सहयोग और उनके प्रयासों से वे 500 करोड़ रुपए केंद्र सरकार से लाने में सफल हुए हैं, जिससे प्रदेश के विकास में गति मिलेंगी। रोहड़ू मेले की बधाई देते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि रोहड़ू मेला शिकडू देवता के सम्मान में मनाया जाने वाला एक ऐतिहासिक मेला है जो सदियों से मनाया जा रहा है। इस मेले में जहाँ एक ओर स्थानीय और बाहर के व्यापारी बड़ी संख्या में आकर अपना सामान बेचते हैं, वहीं मेला मंच से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देते हैं और जनता का मनोरंजन करते हैं। इसके अतिरिक्त देव परम्पराओं को भी निभाया जाता है। 

रोहड़ू से चिढ़गांव सड़क के चौड़ीकरण के महत्व पर बल देते हुए विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि यह सड़क एक महत्वपूर्ण सड़क है जो दूर दराज क्षेत्र डोडरा क्वार तक पहुँचने का भी एक मार्ग है। इसके निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की कोई ढील नहीं बरती जाएगी और जितनी चौड़ी ठियोग-हाटकोटी सड़क बनी है, उतनी ही चौड़ी यह सड़क भी बनाई जाएगी। इस सड़क के बनने से रोहड़ू से चिढ़गांव आने जाने में 15 से 20 मिनट का समय लगेगा, जिससे कि आवागमन सुगम बन होगा और लोगों को सुविधा होगी।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि इस वर्ष रोहड़ू मेले के आयोजन में स्थानीय प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मेला बाज़ार को इंदिरा गांधी खेल स्टेडियम समाला में स्थानातरित किया गया है जो एक प्रशंसनीय निर्णय है। इससे मेले में अव्यवस्था नहीं होगी और गाड़ियों से लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी इस बीच मंच पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये गये।

 कार्यक्रम में स्थानीय विधायक मोहन लाल ब्राकटा, नगर परिषद रोहड़ू के अध्यक्ष अशोक चौहान, किसान सलाहकार समिति के अध्यक्ष सोहन लाल चौहान कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्त्ता, उपमंडलाधिकारी रोहड़ू विजयवर्धन सरस्वती, डीएसपी रोहड़ू तथा अन्य सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed