शिमला। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में सोमवार को संविधान निर्माता भारत रत्न डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को उनकी जयंती पर याद किया गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. अंबेदकर के छायाचित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान ने इस दौरान कहा कि बाबा साहब का यह देश सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि संविधान में देश के हर नागरिक के अधिकारों व कर्तव्यों को समान रूप में, बगैर किसी जाति धर्म के निहित किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी को संविधान की रक्षा के साथ-साथ देश की एकता व अखंडता के लिये आगे आना होगा, यही बाबा साहब के लिये हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होंगी।
प्रदेश कांग्रेस के पूर्व महासचिव देवेन्द्र बुशैहरी ने बाबा साहब के जीवन पर प्रकाश डालते हुए देश के संविधान में उनके उल्लेखनीय कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सभी को बाबा साहब के दिखाए पद का अनुसरण करना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल सहित प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व पदाधिकारी विनीत गौतम, आंनद कौशल, एसके सेहगल, बलदेव ठाकुर, पार्षद राज कुमार, वीरेंद्र जस्वाल, बलदेव सिंह ठाकुर, भूपेंद्र वर्मा, एसएस जोगटा, वृंदा सिंह, लोकेश्वरी देवी, कृष्णा कुमारी, उमा मुद्रियाल, वीना विज, घनश्याम चंद, प्रकाश कन्याल, रोहित कश्यप, भानु प्रताप, जसपाल ठाकुर, नरेश कुमार, देवेंद्र रत्न व पार्टी के कई अन्य कार्यकर्ताओ ने भी श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
