Spread the love

अस्मिता सिटी योगासना लीग” का भव्य आयोजन

तकनीकी शिक्षा मंत्री  राजेश धर्माणी ने बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत 

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश योगासना स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा “अस्मिता सिटी योगासना लीग” का  आयोजन झंडुता में किया गया। यह प्रतियोगिता योगासना भारत से संबद्ध और भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय द्वारा मान्यता प्राप्त है। इसका मुख्य उद्देश्य योगासना खेल को बढ़ावा देना और महिलाओं को स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता और खेल संस्कृति से जोड़ना है। प्रतियोगिता की थीम “खेल से ही है पहचान” थी, जो महिलाओं के मानसिक एवं शारीरिक विकास को प्रोत्साहित करने का संदेश देती है। 

इस आयोजन में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई महिला खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को दो आयु वर्गों में विभाजित किया गया था। इनमें 18 वर्ष से कम और 18 वर्ष से अधिक आयु की प्रतियोगिता थी। इनमें कुल 65 महिला प्रतिभागियों ने अपने योग कौशल, लचीलापन और संतुलन का शानदार प्रदर्शन किया, जिससे दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ तकनीकी शिक्षा मंत्री  राजेश धर्माणी ने किया। अपने संबोधन में धर्माणी ने योग के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि “योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, अनुशासन और आत्म-उन्नति का साधन है।” उन्होंने युवाओं को योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों, मार्गदर्शकों  का आभार व्यक्त किया। जिनकी मेहनत और समर्पण ने प्रतिभागियों को इस मुकाम तक पहुंचने में सहायता की। उन्होंने इस आयोजन को महिला सशक्तिकरण और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।

धर्माणी ने कहा कि अस्मिता सिटी योगासना लीग” के माध्यम से महिलाओं ने न केवल अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया, बल्कि आत्मविश्वास औरआत्मनिर्भरता की ओर भी एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसे आयोजन और प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे योगासना खेल को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक लोकप्रिय बनाया जा सके। उन्होंने प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रमाणपत्र और पुरस्कार प्रदान किए ।  

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव विवेक कुमार, जिला परिषद सदस्य प्रोमिला बसु, ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष चंदेल, बीडीसी सदस्य रणवीर ठाकुर के अतिरिक्त खेल और योग क्षेत्र से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *