शिमला। केंद्र सरकार द्वारा संसद में पारित किए गए कृषि विधेयकों के विरोध में कांग्रेस ने सोमवार को राजधानी शिमला में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ऐतिहासिक रिज मैदान स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा से राजभवन तक मार्च किया। राजभवन मार्च करने से पहले महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौन रखा। कांग्रेस ने इस कानून के विरोध में राज्यपाल के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा और इस कानून के रद्द करने की मांग की।
इससे पहले कांग्रेस ने राजभवन के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान राठौर ने कहा कि कांग्रेस देश में किसानों के हक की लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा कृषि पर बनाए गए नए कानूनों को काला कानून बताते हुए कहा कि कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने पहले देश की अर्थव्यवस्था को चौपट किया और अब किसानों पर एक ऐसा कानून थोप दिया, जिसमें किसान कुछ बड़े और सरमायेदारों और बिचौलियों के हाथों की कठपुतली बन कर रह जाएगा। किसानों को जब उनकी फसल का कोई उचित दाम नहीं मिलेगा तो वह मजबूरी में अपनी फसल उन धन्ना सेठों, बिचौलियों को बेचने में मजबूर हो जाएगा, क्योंकि उसके पास अपनी फसल रखने के न तो पर्याप्त भंडार है और न ही वह इसे ज्यादा दिनों तक अपने पास सुरक्षित रख सकता है।
राठौर ने कहा कि किसानों को आत्मनिर्भरता का सपना दिखाने वाले प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों को पूरी तरह बड़ी कंपनियों व बिचौलियों के हाथों गिरवी रखने का अधिकार धन्ना सेठों को दे दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश में भी निजी क्षेत्र की कंपनियों बागवानों को कथित तौर पर लूटने में लगी हैं और बागवानों को सेब का सही दाम नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने यह आरोप भी लगाया सरकार ने इन्हें भी बागवानों को लूटने की खुली छूट दे रखी है।

कुलदीप राठौर ने कहा कि केंद्र सरकार का कृषि उत्पाद को एमएसपी से बाहर करने का यह पहला कदम है। उन्होंने कहा कि इस कानून से देश का किसान फिर से सरमायेदारों, बिचौलियों का गुलाम बन जाएगा। उन्होंने कहा कि देश का यह बहुत बड़ा दुर्भाग्य है कि केंद्र सरकार ने देश को आज अपने जनविरोधी नीतियों, निर्णयों से लोगों की कमर तोड़ दी है। एक तरफ कोरोना का कहर और दूसरी तरफ केंद्र सरकार के मनमाने निर्णयों से देश आज भारी मंदी की मार सह रहा है। राठौर ने कहा कि देश मे बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई व गिरती जीडीपी से साफ है कि देश घोर आर्थिक संकट से गुजर रहा है और भाजपा देश मे अपनी राजनैतिक रोटियां सेंकने में लगी है।
इस धरना प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के अतिरिक्त पूर्व विधायक आदर्श सूद, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, संजय अवस्थी, जितेंद्र चौधरी, हरिकृष्ण हिमराल, आनंद कौशल, दिवाकर, राकेश चौहान, यशपाल तनाईक, बलदेव ठाकुर, वेद प्रकाश ठाकुर, धर्मेंद्र, सोहन लाल, राम कृष्ण शांडिल, नरेंद्र कंवर, श्रीकांत, राजेश वर्मा, राहुल मेहरा, आत्माराम, इंद्र जीत सिंह, विक्रम ठाकुर, सुशांत कपरेट, वीरेंद्र बांश्टू, सतपाल, सेनराम नेगी, राजेंद्र वर्मा, अनिता तेज, शशि बहल, शशि ठाकुर, वनीता वर्मा, किरण धांटा, कमलेश वर्मा, पुष्पा, जसपाल व हिमांशु आदि शामिल थे।
