शिमला। लोगों को बेहतर यातायात सुविधा प्रदान करने के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) 600 करोड़ रुपए की लागत से 700 नई बसों की खरीद करेगा। इन बसों की खरीद को लेकर हिमाचल पथ परिवहन निगम के निदेशक मंडल ने मंजूरी दे दी है। अब बसों का खरीद के मामला अंतिम मंजूरी के लिए कैबिनेट की बैठक में रखा जाएगा। प्रदेश में 700 नई बसों के आने से जहां प्रदेश में यात्रियों को जगह जगह बस सुविधा मिलेगी। वहीं निगम की आय में भी वृद्धि होगी।
निदेशक मंडल की बैठक उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री की अध्यक्षता में हुई। बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने पत्रकार वार्ता में कहा कि एचआरटीसी में बहुत दिनों से बसों की खरीद पर चर्चा चल रही थी। ऐसे में निदेशक मंडल की बैठक में बसों की खरीद को मंजूरी दे दी है। अग्निहोत्री ने कहा कि एचआरटीसी में 297 बसें टाईप-1 इलैक्ट्रिक बसों की खरीद की सभी औपचारिकताएं पूरी हो गई हैं। कैबिनेट से मंजूरी मिलते ही बसों के खरीद के आर्डर जारी होंगे और अगले 4 महीने में ये बसें प्रदेश में आना शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इन बसों की खरीद के लिए राज्य सरकार बजट मुहैया करवाएगी। इस मौके पर नव नियुक्त निदेशक मंडल उपाध्यक्ष अजय वर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव आरडी नजीम, निगम के एमडी रोहन चंद ठाकुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
37 सीटर 250 बसों की खरीद को भी मिली मंजूरी
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि एचआरटीसी में 37 सीटर 250 सामान्य छोटी बसें भी खरीदी जएंगी। इन बसों की खरीद को भी मंजूरी दी गई है। इसके अलावा 24 सुपर लग्जरी बसों की खरीद भी फाईनल हो गई है। वहीं टाईप-1 की 23 ई-बसों की खरीद को मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि ये बसें, ई-बसों के संचालन पर मिले इंसैटिव से खरीदी जा रही है। उन्होंने बताया कि निगम 100 नए टैंपो ट्रैवलर भी खरीद रहा है, लेकिन इनकी खरीद के टैंडर अभी फाइनल नहीं हुए हैं। टैंपो की खरीद के लिए टैंडर की अनुमति बैठक में प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि निगम लगभग 700 बसों की खरीद कर रहा है। इससे निगम की स्थिति में सुधार होगा।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के नए दिशा निर्देशों के अनुसार, जिसमें 15 साल पुराने वाहनों को हटाने के लिए कहा गया है, उसी के तहत निगम अपनी पुरानी बसों को हटाकर 700 नहीं बसें खरीदने जा रहा है। इसके अतिरिक्त बैठक में 2 क्विक रिस्पॉंस व्हीकल और 4 क्रेन खरीदने को भी मंजूरी प्रदान की गई है।
उधर, एक साल के जवाब में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राज्य सरकार से बजट मिलते ही निगम के सभी कर्मचारियों की लंबित देनदारियों को चुकता किया जाएगा। बीते दिन ही निगम के चालकों-परिचालकों ने देनदारियों को लेकर धरना प्रदर्शन किया था और 6 मार्च को चक्का जाम करने की चेतावनी जारी की थी। वहीं, एक सवाल के जवाब में अग्निहोत्री ने कहा कि कुंभ के लिए बसें ऑन डिमांड उपलब्ध करवाई जाएगी।
दिल्ली डेपुटेशन पर जाए रहे निगम के एम.डी. रोहन चंद ठाकुर, उपमुख्यमंत्री ने सराहा सेवाओं को
एचआरटीसी के एमडी रोहन चंद ठाकुर दिल्ली डेपुटेशन पर जा रहे हैं। बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पिछले दो सालों में प्रबंध निदेशक रोहन चंद ठाकुर द्वारा किए गए कार्यों की सराहना भी की। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रोहन चंद ठाकुर ने प्रबंध निदेशक के पद पर रहते हुए बेहतरीन पारी खेली है। निगम में बहुत से नई सुविधाएं शुरू हुई है, जिसका श्रेय रोहन चंद ठाकुर का जाता है।
