Spread the love

शिमला। रोटरी क्लब हिल क्वींस ने शुक्रवार को सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड (SJVN) के परिसर में अंगदान के महत्व पर एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में आईजीएमसी के प्रोफेसर और सोटो के नोडल अधिकारी, वरिष्ठ सर्जन डॉ. पुनीत महाजन ने विशेष प्रस्तुति दी।

डॉ. महाजन ने पीपीटी के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को अंगदान के महत्व और इसकी प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत में अंगदाताओं की संख्या बेहद कम है, क्योंकि केवल मस्तिष्क मृत (ब्रेन डेड) व्यक्ति ही अंगदान कर सकता है। उन्होंने लोगों को यह समझाया कि एक व्यक्ति का अंगदान आठ व्यक्तियों को नया जीवन दे सकता है।

डॉ. महाजन ने सभी लोगों से अपील की कि वे अंगदान के लिए सरकारी वेबसाइट पर जाकर स्वयं को पंजीकृत करें और इस पुण्य कार्य में योगदान दें। डॉ. महाजन ने जोर देकर कहा कि अंगदान न केवल जीवन बचाने का माध्यम है, बल्कि यह समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया कि वे अपने आस-पास के लोगों को भी इस विषय पर जागरूक करे

इस अवसर पर एसजेवीएन के निदेशक (कार्मिक) अजय शर्मा ने कार्यक्रम में विशेष रूप से शिरकत की और रोटरी हिल क्वींस की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में जागरूकता बढ़ाने और सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होते हैं।

कार्यक्रम में रोटरी हिल क्वींस की अध्यक्ष रोटेरियन माला सिंह, सचिव रोटेरियन तरुणा कौशल, रोटेरियन गुरप्रीत कौर, रोटेरियन पूजा गोयल, रोटेरियन मीना चंदेल, और रोटेरियन रिमी आहुजा उपस्थित रहीं। सोटो की ओर से नरेश भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

रोटरी क्लब हिल क्वींस अध्यक्ष रेटेरियन माला सिंह ने इस जागरूकता शिविर को सफल बनाने के लिए एसजेवीएन और डॉ. पुनीत महाजन का विशेष धन्यवाद किया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *