Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा है कि वर्तमान प्रदेश सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल हिमाचल प्रदेश की जनता के लिए काला अध्याय साबित हुआ है। सुखविन्द्र सिंह सुक्खू सरकार प्रदेश की जनता के लिए डिजास्टर के रूप में आई है। कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की जनता को मित्रों, दोस्तों की सरकार दी, जिसने जनता की जेब पर महंगाई का बोझ बढ़ाने का काम किया। वे वीरवार को यहां प्रदेश भाजपा संगठन पर्व की प्रदेश स्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे।

बैठक में भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, महामंत्री डॉ. सिकन्दर कुमार, त्रिलोक कपूर, बिहारी लाल शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राजीव भारद्वाज, संजीव कटवाल और डॉ. राजीव सैजल विशेष रूप से उपस्थित रहे। डॉ. बिंदल ने कहा कि सुक्खू सरकार ने डीजल पर 7 रुपए लीटर वैट लगाकर जनता की जेब से लगभग 2500 करोड़ रुपए निकाल लिया। हिमाचल का सीमेंट हिमाचल में सर्वाधिक महंगा देने का कीर्तिमान बनाया। स्टाम्प डयूटी को 500 प्रतिशत तक बढ़ाया। बिजली के दामों पर 46 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की। खाद्य तेल, दालें, आटा, चावल डिपुओं में महंगा किया। एचआरटीसी बसों का किराया बढ़ाया। हर सामान पर टिकट लगाया और सबसिडी को समाप्त किया। गांव में मिलने वाला मुफ्त पानी अब बिल पर आयेगा। बिल पर आने वाले पानी के दाम 500 प्रतिशत तक बढ़ा दिए। आईपीएच विभाग ने टाॅयलेट पर भी टैक्स लगाने का कीर्तिमान स्थापित किया।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार दो साल का जश्न मना रही है। जश्न महंगाई बढ़ाने का, जश्न बेरोजगारों को धोखा देने का जिन्हें पहली कैबिनेट में एक लाख सरकारी नौकरियां मिलनी थी, जश्न 28 लाख बहनों को धोखा देने का जिन्हें 1500 रुपए महीने दो साल पहले ही मिलना चाहिए थे, जश्न 22 लाख बिजली उपभोक्ताओं के साथ ठगी करने का, जिसकी 125 यूनिट फ्री बिजली को छीनकर 300 यूनिट फ्री नहीं दी गई। बेरोजगार त्रस्त, किसान-बागवान त्रस्त, महिला वर्ग त्रस्त, कर्मचारी त्रस्त, व्यापारी त्रस्त केवल सरकार सभा में मस्त‌ है। 

डाॅ. बिन्दल ने कहा कि सुखविन्द्र सिंह सरकार ने गैर कानूनी तौर पर सीपीएस लगाये, कैबिनेट रैंक के मित्र लगाए, 28000 करोड़ रुपए का कर्ज लिया, फिर भी विकास बंद। अस्पताल, पीएचसी, सीएचसी, पटवार सर्कल, तहसीलें, स्कूल व अन्य संस्थान बंद, मरीजों के लिए चलाई जा रही हिमकेयर जैसी योजनाओं को बंद करके लाखों मरीजों को भारी कष्ट पहुंचाया और अब तो सरकार श्री राधास्वामी सत्संग व्यास के अस्पताल को भी बंद करने पर उतर आई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार प्रदेश की जनता पर कहर बनकर टूटी है फिर भी सरकार जश्न मना रही है। 

डॉ. बिंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवादी विचारधारा की पार्टी है, भारत माता की जय का उद्घोष करने वाली पार्टी, भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र बनाने में लगी हुई है। भाजपा के नेता, विश्व के महान नेता, देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश का आह्वान किया है कि ‘‘एक रहोगे तो सेफ रहोगे’’। अर्थात हम सब लोगों को जातिगत विभाजन से ऊपर उठकर सबके विकास के लिए काम करना है। इसके विपरीत कांग्रेस पार्टी देश को जातियों में बांटकर देश को बर्बाद करना चाहती है। उन्होंने कहा कि 1947 में कांग्रेस ने धर्म के आधार पर देश का विभाजन करवाया और पुनः जातियों के आधार पर समाज को बांटने का काम कांग्रेस के नेता कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, गरीब, युवा, महिला वर्ग के उत्थान के लिए कृत संकल्प है। 

खराबी ईवीएम में नहीं, राहुल गांधी में है : टंडन 

भाजपा सह प्रभारी संजय टंडन ने प्रदेश स्तरीय संगठन पर्व बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा ईवीएम पर उटाए सवाल पर पलटवार किया। टंडन ने कटाक्ष किया कि खराबी ईवीएम में नहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी में है। कांग्रेस को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में ईवीएम के कारण नहीं, बल्कि उसके नेतृत्व के खराब प्रबंधन के कारण करारी हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने खड़गे से कहा कि वह ईवीएम को नहीं, बल्कि राहुल को बदलें। वह उनकी जगह किसी अन्य को लाने पर विचार करें। 

टंडन ने कहा‌ कि कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ईवीएम को साइड में रखने की बात कह रहे हैं, जबकि जनता ने कांग्रेस को ही साइड में रख दिया है। झारखंड में वह भाजपा से पीछे है और महाराष्ट्र में तो बर्बाद हो गई। ऐसे में कांग्रेस नेताओं के चेहरे पर हताशा और झल्लाहट आना स्वाभाविक है। टंडन ने तंज कसा कि कांग्रेस को न ईवीएम चाहिए, न न्यायपालिका चाहिए, न चुनाव आयोग चाहिए, न ईडी-सीबीआई चाहिए। 

टंडन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर चुनावी राज्य में हाशिए पर पहुंच चुकी है। महाराष्ट्र में भाजपा समर्थित महायुति सरकार ने प्रचंड जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस 288 विधानसभा सीटों में से मात्र 16 सीटें जीत पाई है। यह कांग्रेस के जनाधार के पतन को स्पष्ट करता है। झारखंड जैसे राज्य में भी कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी से काफी पीछे है। दरअसल, कांग्रेस की इस करारी हार ने पार्टी को हताश कर दिया है, जिसके चलते राहुल गांधी और कांग्रेस एवं विपक्ष के अन्य नेता गुस्से में बेतुके बयान दे रहे हैं। 

विपक्षी दलों को केवल एक ही चिंता है, भाजपा को कैसे रोके : श्रीकांत 

भाजपा प्रदेश प्रभाती श्रीकांत शर्मा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा भाजपा 2047 विकसित भारत के लक्ष्य के कार्य कर रही है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य है और हम प्रधान से लेकर प्रधानमंत्री तक सभी पदों पर विजय होंगे। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को केवल एक ही चिंता है और वह भाजपा को रोकने की‌ है, उन सभी को देश की चिंता नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जब 2017 में चुनाव आयोग ने ईवीएम एक हैकाथॉन करवाया और कहा था कि कोई भी राजनीतिक पार्टी ईवीएम को हैक करके दिखाए। मगर उस हैकाथॉन में किसी भी पार्टी ने हिस्सा नहीं लिया। 

श्रीकांत ने कहा कि जब कांग्रेस और उनके सहयोगी दल चुनाव जीतते हैं, तो ईवीएम सही होती है, लेकिन हारते ही ईवीएम पर सवाल उठाए जाते हैं। कांग्रेस पार्टी द्वारा ईवीएम पर लगाए जा रहे आरोपों का मतलब यह है कि झारखंड के अंदर जेएमएम ने जो चुनाव जीता है, वह जीत गड़बड़ी और घोटाले के जरिए जीता है। अगर ईवीएम में खामी थी, तो जेएमएम कैसे जीत सकती थी? अपने ही सहयोगी दल की जीत पर सवाल उठाना, गठबंधन धर्म की नीति नहीं है। 

श्रीकांत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लगातार यह कहती रही है कि ईवीएम में कोई गड़बड़ी नहीं है, बल्कि गड़बड़ी व्यक्ति और नेता में है। जब तक राहुल गांधी राजनीति में रहेंगे, तबतक आरोप-प्रत्यारोप जारी रहेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *