शिमला। रोटरी क्लब शिमला हिल क्वीन्स ने कंडा जेल में रविवार को एक दंत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। इसमें 50 कैदियों ने भाग लिया। इस शिविर में 4 महिला कैदी और 1 बच्चा भी शामिल थे। क्लब ने पहले सफलतापूर्वक आंखों के शिविर का आयोजन किया था और यह शिविर उसी की एक कड़ी थी।
निरीक्षण और उपचार: रोटेरियन डॉ. संदीप सौठा और डॉ. विकास ने 50 कैदियों के दांतों की जांच की।
इस दौरान 15 कैदियों के सड़े हुए दांत और दाढ़ों को निकाला गया। 8 कैदियों के दांतों की स्केलिंग की गई। 11 कैदियों के दांतों की फिलिंग की गई। वहीं, दो कैदियों के सरकारी अस्पताल से चल रहे रूट कैनाल ट्रीटमेंट (RCT) को भी पूर्ण किया गया।
वहीं, जरूरतमंदों को एंटीबायोटिक और दर्द निवारक दवाएं दी गईं। सभी मरीजों को टूथपेस्ट और टूथब्रश वितरित किए गए। जिन कैदियों को दांतों में गर्म या ठंडा लगने की समस्या थी, उन्हें मेडिकेटेड टूथपेस्ट दिए गए।
आंखों के शिविर की निरंतरता में योगदान
पिछले आंखों के शिविर के तहत जिन मरीजों को चश्मे की आवश्यकता थी, उन्हें रोटरी हिलक्वीन्स ने निशुल्क चश्मे वितरित किए। कुल 29 चश्मे कैदियों को उपलब्ध कराए गए।
ये कहा क्लब की अध्यक्ष ने
रोटरी क्लब हिल क्वीन्स की अध्यक्ष रोटेरियन माला सिंह ने इस प्रोजेक्ट के लिए कंडा जेल के अधीक्षक सुशील ठाकुर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “इस प्रकार के शिविरों से कैदियों को बहुत लाभ मिलता है, क्योंकि जेल से अस्पताल तक का सफर उनके लिए लंबा और चुनौतीपूर्ण होता है। भविष्य में भी ऐसे और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि कैदियों को चिकित्सा सुविधाएं जेल परिसर में ही उपलब्ध हो सकें।” जेल के प्रोटोकॉल को मानते हुए 3 ही सदस्य इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे। इनमें रोटेरियन रवीन सिंह, रोटेरियन सीमा मेहता और रोटेरियन माला सिंह शामिल थी।
हिल क्वींस के द्वारा लगाये जा रहे स्वास्थ्य चिकित्सा शिविरों ने कैदियों के स्वास्थ्य में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रखा है और यह क्लब की समाज सेवा की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।
