Spread the love

कहा – भाजपा विधायक दल निभा रहा पूरी जिम्मेदारी से विपक्ष की भूमिका, सरकार भूली है अपनी जिम्मेदारी

शिमला। हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार के बागवानी एवं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर लगाए गए आरोपों पर भाजपा ने जवाबी हमला बोला है। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जम्वाल ने कांग्रेस सरकार की नीतियों और कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार प्रदेश के विकास कार्यों में नाकाम रही है और अब अपनी असफलताओं को छुपाने के लिए भ्रामक बयानबाजी कर रही है। 

जम्वाल ने चुटकी लेते हुए कहा, “विपक्ष में तो ‘बेले बैठने’ का काम होता है, लेकिन सुक्खू सरकार ने तो सत्ता में आने के बाद भी अपने मंत्रियों को ‘बेले बैठा’ रखा है।” उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार के मंत्री शिमला और बिलासपुर में “लंच डिप्लोमेसी” में व्यस्त हैं, जबकि जनता के मुद्दे अनसुने और अनदेखे किए जा रहे हैं। जम्वाल ने कहा कि इस सरकार का एकमात्र उद्देश्य केवल दिखावा और बयानबाजी करना है, वास्तविक विकास पर काम करना नहीं। उन्होंने कांग्रेस सरकार के “गारंटी पूरी करने” के दावों को झूठ का पुलिंदा करार दिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल में जिन विकास कार्यों का वादा किया गया था, उनमें से अधिकांश का क्रियान्वयन अधूरा है।

भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने एक ओर तो नए संस्थानों के खोले जाने का झूठा प्रचार किया, जबकि सच्चाई यह है कि उसने प्रदेश में 1,500 से अधिक संस्थानों को बंद कर दिया है। इसके अलावा, 1,100 से ज्यादा स्कूलों को मर्ज किया गया, 10,000 से ज्यादा आउटसोर्स कर्मियों को बाहर कर दिया गया, और लगभग डेढ़ लाख पदों को समाप्त कर दिया गया। 

जम्वाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने केवल 22 महीनों के भीतर 25 हजार करोड़ रुपये का नया कर्ज बढ़ा दिया है, जो उनके वित्तीय कुप्रबंधन का एक और प्रमाण है। उन्होंने पूछा कि जब सरकार का वित्तीय प्रबंधन ही असफल हो चुका है, तो ये किस तरह की “गारंटियां” पूरी करने का दावा कर रही है? जम्वाल ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के आरोपों को हास्यास्पद बताते हुए कहा कि जब जयराम सरकार ने प्रदेश में नए संस्थान खोलकर विकास की नींव रखी थी, तो उसे कर्ज का बोझ डालने का आरोप लगाना उचित नहीं है। सच्चाई यह है कि सुक्खू सरकार ने सत्ता में आते ही उन संस्थानों की तालाबंदी कर दी और विकास को बाधित कर दिया। 

राकेश जम्वाल ने कहा कि जयराम ठाकुर हिमाचल प्रदेश के सच्चे हितैषी है, जिन्होंने प्रदेश के विकास को प्राथमिकता दी थी, जबकि कांग्रेस सरकार केवल जनता को गुमराह करने में व्यस्त है। उन्होंने बागवानी मंत्री के प्रधानमंत्री मोदी पर लगाए गए आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता केवल प्रधानमंत्री मोदी की छवि को धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं। सच्चाई यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने वैश्विक स्तर पर अपनी छवि को मजबूती से स्थापित किया है। केंद्र सरकार ने अनेक योजनाओं के माध्यम से देश के हर वर्ग के लिए काम किया है, लेकिन सुक्खू सरकार इन योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने में असमर्थ रही है। 

जम्वाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है, और हिमाचल की जनता अब इस दिखावटी सरकार की असलियत समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के नेता केवल बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप करने में माहिर हैं, लेकिन प्रदेश के विकास और जनता के कल्याण के लिए किए गए वादों पर अमल करने में असफल रहे हैं। हिमाचल प्रदेश की जनता को गुमराह करने की इनकी कोशिशें अब नहीं चलेंगी। जम्वाल ने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस को जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता कांग्रेस की असफलताओं का करारा जवाब देगी और सच्चे विकास और प्रगति की ओर लौटेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *