शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मॉनसून सत्र के 10वें दिन की कार्यवाही देखने डीएवी स्कूल टुटू के 103 बच्चे पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से भी मुलाकात की। बच्चों से संवाद के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने कई प्रश्न भी पूछे।
विधानसभा अध्यक्ष ने बच्चों से बाल सत्र के बारे में भी पूछा जिसका आयोजन पिछले वर्ष 12 जून को किया गया था। पठानिया ने कहा कि जिन बच्चों ने यहां बाल सत्र में भाग लिया उनमें अधिकतर हिमाचली थे जिनका चयन अब राष्ट्रीय स्तर के बाल सत्र के लिए हो गया है और शीघ्र ही उसका भी लोकसभा में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।
पठानिया ने बच्चों से संसदीय प्रणाली तथा लोकतन्त्र के बारे में भी पूछा। उन्होंने कहा कि हमारा लोकतंत्र दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। लोकतंत्र का मतलब लोगों का लोगों के द्वारा लोगों के लिए शासन होता है। हम अपने मत द्वारा अपने प्रतिनिधि का चुनाव करते हैं जो सीधे लोकसभा तथा विधानसभा के लिए निर्वाचित होते हैं तथा देश व प्रदेश का कानून बनाने में इनकी निर्णायक भूमिका रहती है।
उधर, मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आज तक 964 बच्चे विधानसभा की कार्यवाही देखने आ चुके हैं तथा अभी 1 दिन बाकी है। यह अच्छा है कि बच्चे सदन की कार्यवाही देखने में रुचि ले रहे हैं। यही हमारे लोकतंत्र की मजबूती का आधार भी हैं।
पठानिया ने कहा कि मेरी इच्छा है कि इन बच्चों के माध्यम से सदन की कार्यवाही सभी परिवारों तक पहुंचे तथा यही बच्चे आगे जाकर जब अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, इससे उन्हें उनकी जिम्मेदारी का एहसास होगा।
पठानिया ने कहा कि वह सिडनी (आस्ट्रेलिया) में नवम्बर महीने में आयोजित होने वाले 67वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भाग लेने जा रहे हैं तथा उसके बाद उचित समय पर युवा सत्र का भी आयोजन करवाएंगे, जिसमें युवा भी सदन के अन्दर मुख्यमंत्री, विधान सभा अध्यक्ष, मंत्री परिषद सदस्य तथा विधानसभा सदस्य की भूमिका में नजर आएंगे।
विधानसभा अध्यक्ष ने छात्रों को आज सदन में होने वाली कार्यवाही से भी अवगत करवाया तथा सदन के अन्दर शान्ति प्रिय ढंग से कार्यवाही देखने को आमंत्रित भी किया। पठानिया ने सभी बच्चों को अपनी ओर से शुभकामनाएं दी तथा हमेशा जीवन में अनुशासन तथा देशभक्ति के प्रति अपनी नेक भावना को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
