Spread the love

कहा – केंद्र सरकार 93 हज़ार आवास दे रही है तो सुक्खू सरकार घर बनाना महंगा कर रही 
आपदा में ऐसा अवसर और ऐसा व्यवस्था परिवर्तन नहीं देखा
केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश को 93 हज़ार आवास देने पर केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया

शिमला। 
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि एक तरफ़ केंद्र सरकार प्रदेश को 93 हज़ार घरों का तोहफ़ा दे रही है, दूसरी तरफ सुक्खू सरकार सीमेंट के दाम बढ़ाकर गरीबों के घर के सपनों को मुश्किल कर रही है। एक हफ़्ते में दो बार सीमेंट के दाम में वृद्धि सुक्खू सरकार की नाकामी है। प्रदेश में आई आपदा के बीच ऐसे अवसर तलाशने वाली सरकार आज तक कहीं नहीं देखी गई है। 

जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार आपदा की वजह से टूट चुके घरों के पुनर्निर्माण को एक अवसर की तरह ले रही है और आए दिन सीमेंट की कीमत महंगी कर रही है। उन्होंने कहा कि जब से सुक्खू सरकार सत्ता में आई है तब से सीमेंट के दामों में 100 रुपए से ज़्यादा की वृद्धि हो चुकी है। आपदा के समय राज्य सरकार को आपदा प्रभावितों के पुनर्वास हेतु मदद करनी चाहिए, लेकिन यहां सरकार पुनर्वास को और कठिन बना रही है। 

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सीमेंट के साथ-साथ अपनी नीतियों के स्टील, रेता बजरी सब कुछ महंगा कर दिया है। सरकार द्वारा आपदा में ऐसा अवसर खोजना शर्मनाक है। उन्होंने पूछा कि क्या मुख्यमंत्री इसी व्यवस्था परिवर्तन की बात कर रहे थे, जहां केंद्र सरकार के सहयोग से बनने वाले  आम आदमी के घर को भी सरकार महंगा करे। 

नेता प्रतिपक्ष ने हिमाचल प्रदेश के लिए एकमुश्त 92300 मकान देने के लिए केंद्र सरकार के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा यह हिमाचल प्रदेश को दिया गया शानदार तोहफा है। हिमाचल प्रदेश को पहले बार इतनी बड़ी संख्या में पीएमएवाई के आवास मिले हैं। इसके पहले भी मोदी सरकार ने आपदा के मद्देनजर 17500 मकान दिए गए थे। 

जयराम ठाकुर ने कहा कि इस बार हिमाचल प्रदेश से केन्द्र सरकार को जो भी सूची भेजी गई थी उसे पूर्णतया स्वीकार की गई है। जयराम ठाकुर ने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आभार व्यक्त किया। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed