Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश के पीएम श्री विद्यालय की दो छात्राओं को नई दिल्ली में होने वाले 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने का मौका मिलेगा। देश के पीएम श्री स्कूलों के 100 विद्यार्थियों को इस समारोह में आमंत्रित किया गया है, जिनमें हिमाचल की दो छात्राएं भी शामिल हैं। ये दोनों छात्राएं अन्य बच्चों के साथ 16 अगस्त तक नई दिल्ली में रहेंगी।

पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टुटू की 12वीं की छात्रा मिशल राठौर और पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुन्नी की 12वीं की छात्रा स्नेहा शर्मा नई दिल्ली में होने जा रहा 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होंगी। दरअसल केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा देशभर के पीएम श्री स्कूलों के 100 विद्यार्थियों को दिल्ली में होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में आमंत्रित किया है। चयनित विद्यार्थी नई दिल्ली के लालकिला में आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। ये बच्चे युद्ध स्मारक, इंडिया गेट, प्रधानमंत्री संग्रहालय और प्रतिष्ठित स्थानों को देखने भी जाएंगे।

हिमाचल से मिशल राठौर व स्नेहा शर्मा का चयन किया गया है। इन छात्राओं का चयन उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता और उल्लेखनीय गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के आधार पर किया गया है। ये चयनित विद्यार्थी उनके शिक्षकों और माता-पिता द्वारा प्रदान की गई कड़ी मेहनत और समर्थन का प्रमाण है। इस महत्वपूर्ण अवसर पर अभिभावक भी उनके साथ होंगे। नई दिल्ली के स्वतंत्रता दिवस समारोह में देशभर के विद्यार्थियों की उपस्थिति राष्ट्रीय गौरव व एकता का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस समारोह में इन  बच्चों के शामिल होने से अन्य विद्यार्थियों को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। 

उल्लेखनीय है कि समग्र शिक्षा स्मार्ट क्लास रूम, लैब सहित अन्य सुविधाएं स्कूलों में उपलब्ध करा कर बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए कदम उठा रहा है। इसके साथ ही केंद्र सरकार ने भी हिमाचल में 180 स्कूलों को पीएम श्री स्कूलों में अपग्रेड करने का फैसला लिया है, जिनमें साइंस लैब, लाइब्रेरी, खेल मैदान जैसी कई सुविधाएं होंगी। इससे समग्र शिक्षा को प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में मदद मिलेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *