Spread the love

कांग्रेस पार्टी का ऑक्सीजन परिवारवाद है

ऊना। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा जनकल्याण और कांग्रेस जनविरोधी सरकार है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार आज भी पानी वाले मुख्यमंत्री के नाम से, प्रेम कुमार धूमल सड़कों वाले मुख्यमंत्री और जयराम ठाकुर जनकल्याण वाले मुख्यमंत्री के नाम से जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हिमाचल प्रदेश में केवल महंगाई बढ़ाने, संस्थान बंद करने, जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद करने, पूर्व सरकार की योजनाओं को ध्वस्त करने का काम किया हैं। यह सरकार तालाबंदी, महंगाई, भ्रष्टाचार, जनविरोधी, मित्रों की सरकार है।

डॉ. बिंदल शुक्रवार को भाजपा कार्यसमिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, सांसद अनुराग ठाकुर, सुरेश कश्यप, राजीव भारद्वाज, हर्ष महाजन, इंदु गोस्वामी, सिकंदर कुमार, महामंत्री सिद्धार्थन, बिहारी लाल शर्मा, त्रिलोक कपूर और सिकंदर कुमार उपस्थित थे। बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सुखविंद्र सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। मुख्यमंत्री के संरक्षण में प्रदेश सरकार ने भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड स्थापित किए हैं। यहां भ्रष्टाचार रुकने का नाम नहीं ले रहा है। रोज-रोज प्रदेश में नए नए मामले सामने आ रहे हैं। सिंगल टेंडर, बड़े हुए दामों पर टेंडर मिलना, जमीन, ऊर्जा, जीएसटी और अनेकों घोटाले जनता के समक्ष आ रहे हैं।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल में कानून व्यवस्था अपने सबसे बुरे दौर से गुज़र रही है। 7 से ज्यादा गोलीकांड के मामले, 250 से अधिक मर्डर के मामले, 3000 से अधिक ड्रग के मामले, 950 से अधिक महिला अत्याचार के मामले बढ़े, यह सब छोटे से कार्यकाल में जनता के सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि ड्रग और नशे का कारोबार सरकार के सरक्षण में चल रहा है। 

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस की सरकार मित्रों की सरकार, झूठी और सबसे निकम्मी सरकार है। कांग्रेस पार्टी का ऑक्सीजन परिवारवाद है और इसका बड़ा प्रमाण हिमाचल में भी दिखने को मिला है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश को अंग्रेजों से भी ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। देश को बेचने, विभाजन, आपातकाल और जातिवाद फैलने का काम किसी ने किया है तो वह केवल कांग्रेस पार्टी है। 

डॉ. बिंदल में कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने आत्मशक्ति से लक्ष्य को प्राप्त किया है। यह भाजपा के समस्त नेतृत्व और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत है जिसके कारण भाजपा राज्यसभा, लोकसभा और विधानसभा में 8 चुनाव जीती है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यसमिति में समाज में नशे के खिलाफ जन जागरण अभियान चलने का भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा संकल्प लिया गया। भाजपा नशे के खिलाफ एक निर्णायक जंग शुरू करने जा रही है। इस बैठक में सभी भाजपा विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा और प्रकोष्ठ के अध्यक्ष संयोजक उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *