शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने राज्य में हो रही भारी बारिश व भूस्खलन से हुए लोगों के नुकसान का जायजा लेने और प्रभावित परिवारों को फौरी राहत देने की सरकार से मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से प्रदेश में सभी जिलों के राजस्व अधिकारियों को नुकसान का पूरा आकलन करने की मांग करते हुए प्रदेश में बंद पड़े सम्पर्क मार्गों को तुरंत बहाल करने की मांग भी की है।
राठौर ने कहा कि प्रदेश में हो रही भारी बारिश से नुकसान का पूरा जायजा लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा है कि भारी बारिश से एक ओर जहां किसानों की फसलें पूरी तरह खराब हो गई हैं, वहीं बागवानों को भी नुकसान झेलना पड़ा है। उन्होंने कहा कि इस नुकसान कि किसानों बागवानों को आर्थिक राहत दी जानी चाहिए।
राठौर ने सड़कों की खस्ता हालत पर भी चिंता जताई और कहा कि सड़कों की दुर्दशा से आए दिन हादसे हो रहे हैं। उनका कहना था कि शिमला जिले के ऊपरी क्षेत्रों की सड़कों की हालत तो और भी बदत्तर है। सेब से लदे ट्रक बड़े-बड़े गड्डों की वजह से हादसों का शिकार हो रहे हैं। सड़कों के किनारे पानी की सही निकासी न होना भी आज इन सड़कों की खस्ता हालत के लिए जिम्मेदार है।
कुलदीप राठौर ने पिछले कल कुमारसैन क्षेत्र की सात पंचायतों करावठी, मलंडी, शिवान, कांगल, मोंगड़ा, जंजाली और कोटीघाट में भारी बारिश से कई रिहायशी मकानों, गौशालाओं के नुकसान का पूरा जायजा लेने व उन्हें राहत देने के साथ-साथ वहां बिजली, पानी, सम्पर्क सड़को को तुरन्त बहाल करने की मांग सरकार से की। उन्होंने जिला प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य युद्ध स्तर पर शुरू करने को कहा है। उन्होंने सेब सीजन को देखते हुए बंद पड़े संपर्क मार्गों को जल्द से जल्द खोलने की भी मांग की।
