शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने दावा किया है कि लोकसभा के चुनाव परिणाम एग्जिट पोल के विपरीत आएंगे और देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा है कि प्रदेश के चारों लोकसभा व छह विधानसभा चुनाव परिणाम भी कांग्रेस के पक्ष में आएंगे।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 400 पार का नारा असफल हो गया है और भाजपा 200 पार भी नहीं कर पाएगी। उन्होंने कहा कि चुनावों में भाजपा ने मुद्दों पर कोई बात नहीं की। भाजपा नेता बढ़ती मंहगाई व बेरोजगारी पर पूरी तरह खामोश रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोगों ने कांग्रेस के पक्ष में भारी मतदान किया है। उन्होंने कहा कि 4 जून चुनाव परिणाम पूरी तरह कांग्रेस के पक्ष में ही आएंगे।
प्रतिभा सिंह ने भाजपा पर आरोप लगाया कि उसने चुनाव परिणाम प्रभावित करने के लिए ओछे हथकंडे अपनाए हैं। उन्होंने इसे बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं ने अनाप-शनाप बयानबाजी कर लोगों में भय पैदा करने का असफल प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को धनबल से कमजोर करने की कोशिश की गई है, पर जनबल ने इसे पूरी तरह नकार दिया है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस ने इन चुनावों को बड़ी मजबूती के साथ लड़ा है और प्रदेश के लोगों ने कांग्रेस के पक्ष में ही भारी मतदान किया है। उन्होंने कहा कि अगर ईवीएम से कोई छेड़छाड़ नहीं की गई होगी तो देश के साथ-साथ प्रदेश के सभी चुनाव नतीजे कांग्रेस के पक्ष में अप्रत्याशित और चौंकाने वाले होंगे।
प्रतिभा सिंह ने दावा किया कि उनकी मण्डी संसदीय सीट पर विक्रमादित्य सिंह की जीत पक्की है और वह रिकार्ड मतों से अपनी जीत का परचम लहरायेंगे। उन्होंने कहा कि मण्डी संसदीय क्षेत्र के लोगों पहले भी कांग्रेस के साथ थे और इस बार भी पूरी तरह कांग्रेस के ही साथ हैं। विक्रमादित्य सिंह ने मण्डी के विकास का जो विजन लोगों के समक्ष रखा है, लोगों ने अपने मत के द्वारा उन्हें अपना पूरा समर्थन दिया है, ऐसा उन्हें पूरा विश्वास है।
