कुल्लू। मण्डी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि राजनीति में जनसेवा के लिये बहुत समय देना पड़ता है, जो भाजपा उम्मीदवार कंगना रनौत के पास नहीं है। उन्होंने कहा कि 4 जून को कंगना का सारा फ़िल्म शूट पैकअप हो जाएगा। उन्होंने कहा कि आज कंगना अपनेआप को हिमाचल की बेटी बताती हैं, लेकिन उनके पूर्व में मीडिया को दिए गए इंटरव्यू में वह अपने को कभी भी हिमाचल की नहीं बताया। उन्होंने कहा कि आज मनाली में बेशक उनका एक बड़ा घर है, पर यहां के लोगों के प्रति उनका कोई भी प्रेमभाव नहीं है।
विक्रमादित्य सिंह शनिवार को मनाली विधानसभा क्षेत्र के सोलंगनाला, जगतसुख, मनाली में अपनी चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आपदा के समय भी कंगना ने किसी की कोई भी मदद नहीं की और न ही उनका कोई हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने जब उन्हें प्रदेश का ब्रांड अम्बेसडर बनने को कहा था, तो उस समय उन्होंने जयराम सरकार से एक दिन का 45 लाख रुपए मांगा था।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा की भाजपा ने अपने वरिष्ठ नेताओं को दरकिनार करते हुए के एक ऐसी अभिनेत्री को चुनाव मैदान में उतारा है जो अपनी बातों व कार्यों के लिये विवादों में रही हैं और प्रदेश में हमारी धर्म संस्कृति ऐसे किसी को भी स्वीकार नहीं करती।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह एक बड़े विजन के साथ इस चुनाव मैदान में उतरे हैं। उन्होंने कहा कि मनाली पर्यटन के रूप में विश्व विख्यात बना है। यहां पर्यावरण सुरक्षित पर्यटन को बढ़ावा मिले, इसके वह पूरे प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि सांसद बनने के बाद उनका लक्ष्य इस संसदीय क्षेत्र को देश का नंबर एक बनाने का है। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान इस क्षेत्र में सड़कों, पुलों व भवनों को भारी नुकसान पहुंचा। उन्होंने कहा कि सरकार ने 24 घण्टे के भीतर आपदा प्रभावित लोगों की मदद की। यहां फंसे हजारों पर्यटकों को सुरक्षित उनके घर पहुंचाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने कर्मचारियों को ओपीएस व महिलाओं को 1500 की सम्मान राशि जारी की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपनी 10 गारंटियों में से पांच को 15 माह के कार्यकाल में पूरा किया है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कुल्लू जिला में एक मेडिकल कॉलेज व नर्सिंग कॉलेज खोलना उनकी प्राथमिकता में है। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त जोलड़ी जोत व भुभु जोत में टनल का निर्माण भी उनकी प्राथमिकता है, जिससे इस क्षेत्र में पर्यटकों को आने जाने की सुविधाओं में विस्तार होगा।
मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने इस दौरान कहा कि मण्डी संसदीय क्षेत्र से विक्रमादित्य सिंह भारी मतों से विजयी होंगे। उन्होंने कहा कि मनाली से उन्हें भारी लीड मिलेगी। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि उन्होंने प्रदेश में कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की, अब उसे इन चुनावों में करारी हार का मुंह देखना पड़ेगा।
भाजपा मुद्दों पर कोई बात नहीं करती – जीतू पटवारी
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा मुद्दों पर कोई बात नहीं करती। उन्होंने कहा कि भाजपा राम मंदिर पर राजनैतिक रोटियां सेंकने का काम करती है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर का निर्माण कोर्ट के निर्णय के बाद हुआ है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के ताले तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने ही खुलवाए थे। उन्होंने कहा कि देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है और केंद्र की सरकार में विक्रमादित्य सिंह को बहुत बड़ी जिम्मेवारी मिलेगी।
