Spread the love

कहा – कांग्रेस ने देश को मजबूर, जबकि पीएम मोदी ने दिया मज़बूत नेतृत्व 

हमीरपुर। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश से भाजपा की सरकार जाने के बाद यहां सारे विकास कार्य ठप पड़े हैं। भाजपा जो विकास कार्य शुरू कर गई थी, कांग्रेस ने उसे भी रुकवाने का काम किया है। राज्य हो या देश कांग्रेस सदैव विकास की गाड़ी को रिवर्स गियर में ले जाती है। वहीं, मोदी 3.0 में देश विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए टॉप गियर में यात्रा करने को तैयार है। वे रविवार को हमीरपुर और धर्मपुर में चुनावी कार्यक्रमों में बोल रहे थे। 

अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के विकास की बात करते हुए कहा, ”भाजपा सदा ही विकास की बात और राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस विकास को रिवर्स गियर में जाना कांग्रेस की आदत बन चुकी है। पहले हिमाचल प्रदेश में एक भी ढंग की रेलवे लाइन नहीं थी। हमने ऊना दौलतपुर चौक वाली रेल लाइन पूरी करवा दी। देश की चौथी वंदे भारत ट्रेन ऊना से चली जो मात्र 4:30 घंटे में दिल्ली पहुंचा देती है। इसके अलावा आज ऊना से हरिद्वार, खाटू श्याम, कोलकाता, नांदेड साहब, वृंदावन, मथुरा, ओंकारेश्वर, ग्वालियर, आगरा, इंदौर और महाकाल लोक तक की सीधी ट्रेनें हैं। लगभग 1800 करोड़ रुपए का एम्स अस्पताल बना दिया, 500 करोड़ रुपए का पीजीआई बना रहे हैं। सेंट्रल यूनिवर्सिटी, ट्रिपल आईटी, एनआईडी, हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज सब खुलवा दिया। धर्मपुर विधानसभा में तो दो केंद्रीय विद्यालय हैं। आज हमीरपुर धरमपुर मंडी की सड़क 1200 करोड़ रुपए की लागत से बन रही है। यह सब भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में ही संभव हो पाया है।”

अनुराग ठाकुर ने आगे कहा, “कांग्रेस जब भी सत्ता में आती है तो अपना वोट बैंक साधने के लिए तुष्टिकरण की राजनीति करती है। सिर्फ एक समुदाय विशेष को बढ़ावा देने की कोशिश करती है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी सबका साथ और सबका विकास के मूल मंत्र के साथ कार्य करती है। अगर पिछले 10 वर्षों में 25 करोड़ रुपए से ज्यादा लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं तो उसमें हिंदू, मुस्लिम, सिख, इसाई सभी लोग हैं। इससे पता चलता है कि हमने कभी कोई भेदभाव नहीं किया। हिमाचल के अंब में जब हम रेलवे लाइन बनवा रहे थे तब उसके बगल में एक मस्जिद पड़ गई थी तब हमने लाखों रुपए अलग से खर्च कर वहां पुल बनवाया। हमने कभी भेदभाव नहीं किया। कांग्रेस देश को क्षेत्रवाद, भाषा और जाति के नाम पर बांटना चाहती है परंतु मोदी जी एक भारत और श्रेष्ठ भारत के निर्माण के लिए कार्यरत हैं।” 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस विकास विरोधी राजनीति करती है, परंतु भारतीय जनता पार्टी विकास युक्त राजनीति करती है। यह लोग परिवारवाद और क्षेत्रवाद लेकर आते हैं और हम राष्ट्रवाद को आगे बढ़ाते हैं। यह लोग सेना को पत्थर खाने के लिए छोड़ देते हैं। हम सेना को सशक्त बनाकर उसका आधुनिकीकरण करते हैं। कांग्रेस ने तो अपने 10 वर्षों में सेना को एक भी बुलेट प्रूफ जैकेट तक नहीं दिया, मोदी सरकार ने दिया। हमने वन रैंक, वन पेंशन चालू की। आज सेना के पास राफेल से लेकर सभी अत्यधिक हथियार हैं जिससे वह दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। हमने सिर्फ बॉर्डर पर 6800 किलोमीटर से ज्यादा सड़के बनाई हैं। आज तेजस जैसा लड़ाकू विमान और आईएनएस विक्रांत जैसा युद्धपोत देश स्वयं बना रहा है। हमने मात्र पिछले साल 1 लाख करोड़ से ज्यादा के रक्षा उत्पादन किए हैं।”

अनुराग ठाकुर ने कहा, “जब हमारी सेना डोकलाम सीमा विवाद के समय चीन से लोहा ले रही थी, तब राहुल गांधी चीनी अधिकारियों के साथ थे। आज भी जब पूरे विश्व में युद्ध के हालात हैं तब राहुल गांधी कहते हैं कि देश से परमाणु हथियारों को खत्म कर देना चाहिए। तो आखिर कांग्रेस का हाथ देश के साथ है या विदेश के साथ है? राहुल गांधी बताएं कि उनकी ऐसी क्या मजबूरी है कि वायनाड से चुनाव लड़ने में पीएफआई और एसडीपीआई का साथ लेना जरूरी है। उनकी ऐसी क्या मजबूरी है कि टुकड़े-टुकड़े गैंग के आदमी को कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़वाना जरूरी है। उनकी ऐसी क्या मजबूरी है की हिंदुओं की संपत्ति घुसपैठियों को देना जरूरी है।”

अनुराग ठाकुर ने कहा, “आज कश्मीर से धारा 370 हटने के बाद वहां पथराव बंद है और आतंकवाद लगभग खत्म होने के कगार पर है। हमने नॉर्थ ईस्ट में लगभग 11 शांति समझौते किए। आज देश में नक्सली हथियार डाल रहे हैं। कांग्रेस ने कभी भी इन मुद्दों का समाधान नहीं किया बल्कि उन्हें बढ़ने दिया। यह फर्क है कांग्रेस की मजबूर सरकार में और मोदी की मजबूत सरकार में। भारत परमाणु शक्ति भी श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में बना था।” 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *