शिमला। प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जम्वाल ने लोक निर्माण मंत्री व मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह पर तीखे हमले बोले हैं। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य सिंह आजकल उस सरकार का खूब गुणगान कर रहे हैं, जिस सरकार की कार्यशैली से नाराज होकर कुछ समय पहले मंत्री पद से इस्तीफा दिया था। लेकिन आज उसी सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने का दिखावा कर रहे हैं।
राकेश जम्वाल ने शनिवार को यहां मीडिया से बातचीत में कहा कि या तो लोक निर्माण मंत्री को सत्ता की इतनी ललक है कि जिस तरफ को पलड़ा भारी होता है उस तरफ अपने कदम बढ़ा देते हैं या फिर उनका व्यवहार बिन पैंदे के लोटे के समान है, जो कभी इधर तो कभी उधर डोलते नजर आते हैं।
जम्वाल ने विक्रमादित्य सिंह को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जो अपने पिताजी को उनका सम्मान अपनी ही सरकार में नहीं दिला पाए, वो मंडी का अधिकार किस तरह दिला पाने में सक्षम होंगे? इस बात से मंडी की जनता परेशान है।
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जम्वाल ने कहा कि प्रदेश की सरकार व कांग्रेस संगठन में समन्वय की कमी है। मुख्यमंत्री हर जनसभा में यह प्रचार कहते जा रहे हैं कि केंद्र से कोई सहायता हिमाचल प्रदेश को नहीं मिली है, लेकिन विक्रमादित्य सिंह केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से 3000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सिर्फ और सिर्फ सड़कों को मिलने की बात स्वीकार अपने सोशल मीडिया अकाउंट से की है। ऐसे में प्रश्न उठता है कि क्या सरकार झूठ बोल रही है। भारतीय जनता पार्टी का दावा है कि आपदा के समय में केंद्र से भरपूर सहायता प्रदेश को मिली है, लेकिन कांगेस हमेशा इससे झूठ बोलकर इनकार करती रही।
राकेश जम्वाल ने कहा कि पहले विक्रमादित्य सिंह ने अपने पिता के अपमान की बात की, वे अपने पिता की प्रतिमा स्थापित करने के लिए दो गज जमीन उपलब्ध नहीं करवा सके। उनकी मां और मंडी संसदीय क्षेत्र से मौजूदा सांसद कहती हैं कि सांसद निधि देकर चुनाव नहीं जीते जाते। अब विक्रमादित्य सिंह कह रहे हैं कि वह मंडी के समस्याओं का समाधान करेंगे। ऐसे में सवाल उठता है कि जो शख्स अपने पिता के लिए दो गज जमीन उपलब्ध नहीं करवा सका, वह आखिर मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता के मुद्दे कैसे उठाएंगे। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य सिंह को यह स्पष्ट करना चाहिए कि इस्तीफा क्यों दिया था?
राकेश जम्वाल ने कहा कि विक्रमादित्य सिंह को राजनीति विरासत में मिली है। यह उनकी मेहनत नहीं है, जबकि कंगना रनौत ने आम परिवार से उठकर देश दुनिया में अपने नाम बनाया। ऐसे में कांग्रेस को ही यह स्पष्ट करना चाहिए कि उन्हें कंगना रनौत की उम्मीदवारी से क्या परेशानी है। राकेश जम्वाल ने कहा कि आम जनता कांग्रेस सरकार से बुरी तरह परेशान है। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी चारों लोकसभा सीट के साथ सभी छह विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव में भी जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस डूबता हुआ जहाज है और इसी वजह से कांग्रेस को चुनाव लड़ने के लिए प्रत्याशी भी नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता पार्टी का साथ छोड़ रहे हैं। इसका उदाहरण आज हिमाचल कांग्रेस के सह प्रभारी तजिंदर पाल बिट्टू के इस्तीफे के तौर पर सभी के सामने है।
