Spread the love

शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिन्दल ने कहा है कि महिला उत्थान की दृष्टि से जो कार्य नरेन्द्र मोदी की सरकार ने पिछले 10 वर्षों में किए हैं, वो कांग्रेस पार्टी 50 वर्षों के शासन में भी नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में स्वयं सहायता समूहों को भारी मात्रा में सहयोग करते हुए एक करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाया गया और 4 करोड़ बहनों को इस आगामी समय में लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। 10 करोड़ बहनों को स्वयं सहायता समूहो के माध्यम से सर्विस सैक्टर में शामिल करते हुए आत्मनिर्भर करने का प्रयास जारी है। वे शुक्रवार को शिमला जिले के रामुपर में जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे।

डॉ. बिंदल ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसी महत्वकांक्षी योजना को चलाकर जनसंख्या अनुपात को बराबर करने में अहम भूमिका निभाई गई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सिविल ऐवियेशन सैक्टर में, रक्षा क्षेत्र में, वायु सेना में, नेवी में महत्वपूर्ण स्थान देते हुए महिलाओं का सम्मान बढ़ाया। उन्होंने कहा कि लोकसभा व विधान सभाओं मेें 33 प्रतिशत महिलाओं को आरक्षण का प्रावधान करना, बदलते भारत की नींव साबित होगा। 

डाॅ. बिन्दल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने और इनके इंडी गठबंधन के साथियों ने महिला आरक्षण विधेयक को अटकाया, लटकाया व भटकाया, जिसके कारण 40 वर्ष पहले जो विधेयक पारित होना चाहिए था वह न हो पाया। इसका सम्पूर्ण दोष कांग्रेस पार्टी, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और स्व. राजीव गांधी को जाता है और इसे पारित कराने के लिए देश नरेन्द्र मोदी का सदा आभारी रहेगा।

डाॅ. बिन्दल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश के मान बिन्दुओं के साथ खिलवाड़ किया। देश के इतिहास को गलत तरीके से प्रस्तुत किया। भारत के महान नेता महाराणा प्रताप, शिवाजी महाराज, रानी झांसी, बिरसा मुंडा, डाॅ. भीमराव अम्बेडकर, सरदार वल्लभ भाई पटेल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, स्वतंत्र वीर सावरकर सरीखे बलिदानियों के बलिदान को नकारते हुए केवल नेहरू-गांधी परिवार को सारा यश और कीर्ति देते हुए देश के इतिहास को विकृत किया। नरेन्द्र मोदी ने नेता जी की प्रतिमा को कर्तव्य पथ पर स्थापित कर सम्मान दिया। भीमराव अम्बेडकर के पंच तीर्थों का निर्माण किया, अंडेमान-निकोबार द्वीप समूह को जहां स्वतंत्र वीर सावरकर की यादगार के रूप में प्रस्तुत किया वहीं वहां के अनेक उप महाद्वीपों को भारत के सेना नायकों के नाम पर रखकर बलिदानी सैनिकों को सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल की भव्य प्रतिमा बनाकर उन्हें विश्व प्रसिद्ध किया। गुरू गोविन्द सिंह जी महाराज के चारों पुत्रों के बलिदान को नमन करते हुए देशभर में बलिदान दिवस, वीर बाल दिवस के रूप में मनाना प्रारंभ किया। यही नहीं, देश की विरासत को गौरवान्वित करते हुए करतारपुर काॅरिडोर का निर्माण किया, काशी विश्वनाथ काॅरिडोर का निर्माण किया और भारत की आत्मा श्रीराम जन्म स्थान पर भव्य राम मंदिर का निर्माण किया। उन्होंने कहा कि अपने परिवार को चमकाने के लिए कांग्रेस ने देश के इतिहास को बिगाड़ कर अन्याय किया, पाप किया जिसे कभी क्षमा नहीं किया जा सकता।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *