Spread the love

सुन्दरनगर। भाजपा मुख्य प्रवक्ता व विधायक राकेश जम्वाल ने कहा कि पूरे देश में भाजपा और एनडीए के 400 पार के संकल्प को हिमाचल प्रदेश अपनी चारों लोकसभा सीटों का योगदान देने को तैयार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के झूठे वादों और भ्रष्ट इरादों के परिणाम स्वरूप हिमाचल उपचुनावों में भी छह की छह विधानसभा सीटों का भाजपा की झोली में आना तय है। वे शनिवार को सुंदरनगर हलके के बरतो, टिहरी, समौण, जड़ोल, सलवाणा में जनसम्पर्क के दौरान स्थानीय जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

जम्वाल ने कहा कि मोदी सरकार में जनता का अपार स्नेह व विश्वास है। कार्यकर्ता व जनता मोदी सरकार की पूंजी है। उन्होंने कहा कि जनविश्वास का यह जनसैलाब आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत का दिलाएगा। उन्होंने कहा कि पिछली जयराम ठाकुर सरकार ने इस क्षेत्र में प्राथमिक चिकित्सा केंद्र (बह की धार ), साइंस की कक्षाएं (चाय का डोहरा )में, 30 करोड़ की लागत से पेयजल की योजना मंजूर करवाई, जोकि इन सभी गावों में पेयजल कि किल्लत को दूर करेगी। लेकिन कांग्रेस ने कभी इस विषय में नहीं सोचा। इस वजह से आज कोई इस पार्टी के साथ चलने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की यह हालत है कि उनके टिकट पर कोई चुनाव लड़ने वाला तक नहीं मिल रहा। “उनके बचे खुचे जो भी कार्यकर्ता हैं वे अत्यंत निराश, हताश और परेशान हैं क्योंकि जनता उनसे पूछ रही है कि विधानसभा चुनाव में दी गई गारंटियों का क्या हुआ।

राकेश जम्वाल ने कहा कि कांग्रेस का नेतृत्व अपना कुनबा संभालने की बजाय हमारे ऊपर झूठे और निराधार आरोप लगाने में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि लोग अब जान चुके हैं कि सिर्फ और सिर्फ नरेंद्र मोदी की गारंटियों पर भरोसा करना है।”

विधायक राकेश जम्वाल ने कहा कि आज देश में कांग्रेस के नेता चुनाव लड़ने से डर रहे हैं। पहली बात तो कोई कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने की इच्छा नहीं जता रहा, दूसरे इनके कई नेताओं को जिन्हें टिकट मिल रही है वो वापस कर रहे हैं। क्योंकि इन्हें पता है कि आयेगा तो मोदी ही। उन्होंने कहा कि आज देशभर में कांग्रेस का टिकट वापस करने की होड़ सी लग गई है। ये कांग्रेस पार्टी और इनके कुप्रबंधन को दर्शाता है। देश में प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने के लिए जनता इस बार खुद चुनावी मैदान में है और विपक्ष मतदान से पहले ही हार मान चुका है।”

भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस ने गरीबी हटाओ के बस नारे लगाए, लेकिन जब एक गरीब मां का बेटा देश का प्रधानमंत्री बना तो 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकल कर आए। वहीं, 80 करोड़ गरीबों को नि:शुल्क राशन, 12 करोड़ शौचालय, 4 करोड़ गरीबों को घर, 10 करोड़ महिलाओं को उज्ज्वला कनेक्शन, 14 करोड़ से ज्यादा लोगों को नल से जल, 60 करोड़ गरीबों को 5 लाख तक का स्वास्थ्य का खर्च प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने दिया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत एक अकल्पनीय विकास यात्रा पर है और आज देश को निरंतरता और स्थिरता को बनाए रखने की जरूरत है। इसलिए आपका एक-एक वोट इस दिशा में महत्वपूर्ण है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *