शिमला। प्रदेश के शिमला जिले के जुब्बल उपमंडल की सरस्वती नगर उप तहसील के नंदपुर में मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। जुब्बल के नंदपुर संपर्क मार्ग पर चींग कैंची में एक कार करीब 300 मीटर गहरे नाले में गिर गई। हादसे में दो दंपत्ति की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्जकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार हादसा मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे पेश आया। एक कार नंदपुर संपर्क मार्ग पर शलाड़ गांव की ओर जा रही थी। इस दौरान कार चींग कैंची में अचानक सड़क से नीचे नाले में जा गिरी। हादसे के वक्त गाड़ी में कुल चार लोग सवार थे और चारों की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस की दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से शवों को खाई से निकाला गया। मृतकों की पहचान मनीष, पुत्र भागमल गांव नंदपुर, अंजना, पत्नी मनीष गांव नंदपुर, जगत राम, पुराना जुब्बल, विमला, पत्नी जगत राम गांव पुराना जुब्बल के रूप में हुई है। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को फौरी राहत दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जुब्बल अस्पताल ले जाया गया। डीएसपी रोहड़ू रविंद्र नेगी ने बताया कि हादसे में चार की मौत हुई है। हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
उधर, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जुब्बल के नंदपुर सड़क में चींग कैंची के नजदीक हुए सड़क हादसे पर गहरा दुःख प्रकट किया और मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना बेहद दुखद है, जिसमें 04 लोगों की मृत्यु हुई है। शिक्षा मंत्री ने भगवान से मृतकों की आत्मा को शांति प्रदान करने और उनके परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
