शिमला। सरकार ने वर्ष, 1994 बैच के आईएएस अधिकारी ओंकार चंद शर्मा को पदोन्नति दी है। प्रधान सचिव के पद पर कार्यरत ओंकार शर्मा अब अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) होंगे। प्रबोध सक्सेना के प्रदेश का मुख्य सचिव बनने के बाद राज्य में एसीएस का पद खाली था। इसके अलावा केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर चल रही वर्ष, 1994 बैच की आईएएस अधिकारी अनुराग ठाकुर को भी प्रोफार्मा प्रमोशन मिली है। यानी अब अनुराधा ठाकुर व ओंकार चंद शर्मा का रैंक एसीएस का हो गया है। ऐसे में आने वाले समय में जब भी मुख्य सचिव की नियुक्ति होगी, तो इन्हीं 2 अधिकारियों में से किसी एक को मौका मिल सकता है।
उधर, सरकार ने वर्ष, 1999 बैच के 2 आईएएस अधिकारियों डा. अमनदीप गर्ग एवं पुष्पेंद्र राजपूत को प्रधान सचिव के पद पर पदोन्नति दी है। डा. अमनदीप गर्ग का पदनाम और सचिव कार्मिक की बजाए प्रधान सचिव कार्मिक होगा। वर्ष, 1999 बैच के दूसरे अधिकारी पुष्पेंद्र राजपूत को प्रोफार्मा प्रमोशन मिली है, जो इस समय केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर चल रहे हैं।
