शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि शिमला विंटर कार्निवाल प्राकृतिक आपदा के बाद प्रभावित पर्यटन को पटरी पर लाने में मददगार साबित हुआ है। उन्होंने कहा है कि सैलानियों के साथ-साथ स्थानीय लोग भी कार्निवाल का लुत्फ उठा रहे हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के साथ शिमला में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और कैबिनेट मंत्री यादवेंद्र गोमा भी इस मौके पर उपस्थित थे।
इस दौरान मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं देने के साथ-साथ प्रदेश की समृद्धि व लोगों की सुख शांति की कामना की।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के साथ अनौपचारिक बातचीत में कहा कि शिमला में पहली मर्तबा विंटर कार्निवाल का आयोजन किया जा रहा है। हालांकि कार्निवाल के आयोजन को लेकर पहले कुछ दिक्कतें थी, लेकिन सरकार ने विचार कर इसके आयोजन का फैसला लिया। इसमें हिमाचली व्यंजनों व संस्कृति से सैलानियों व अन्य लोगों को रू-ब-रू करवाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट घोषणा के मुताबिक सरकार हिमाचल को ग्रीन स्टेट बनाने की दिशा में आगे बढ़ी है। पहले परिवहन विभाग को पूरी तरह से ई-वाहन युक्त बनाया गया है। उन्होंने कहा कि नए साल से विभागों में पेट्रोल व डीजल वाहनों की खरीद पर रोक लगा दी गई है। आवश्यक हुआ तो कैबिनेट की मंजूरी के बाद ही डीजल अथवा पेट्रोल वाहन खरीदे जाएंगे।
नए साल में विपक्ष को सकारात्मक सोच के साथ आगे आना चाहिए – अग्निहोत्री
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि नए साल में विपक्ष को सकारात्मक सोच के साथ आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिमाचल पहुंचे सैलानियों की लाखों की संख्या देख उन लोगों की आंखें खुल जानी चाहिए जो यह कहा करते थे कि आपदा के बाद अब हिमाचल सैलानी नहीं आएंगे। उन्होंने कहा कि विपक्ष को अब प्रदेश के विकास में भूमिका निभानी चाहिए, न कि दिल्ली जा कर राज्य को मिलने वाली मदद रोकने का काम करना चाहिए।
