Spread the love

शिमला। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि प्रदेश सरकार और कांग्रेस में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बीते दिन हुई बैठक में कांग्रेस और सरकार में तालमेल न होने की चिंता जताई गई।

शिमला में भाजपा किसान मोर्चा और बीजेपी शिमला संसदीय क्षेत्र की बैठक के लिए पार्टी मुख्यालय पहुंचे जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को दिल्ली बुलाया गया था और वहां हुई बैठक में सरकार और संगठन में तालमेल न होने की चिंता सामने आई‌। उन्होंने कहा कि हिमाचल में सरकार को एक साल हो गए हैं, लेकिन जमीनी हकीकत यह है काम नहीं हो रहा है। इसकी चिंता वहां भी जाहिर की गई है।

कांग्रेस द्वारा केंद्र से आपदा में मदद मिलने को मुद्दा बनाने के सवाल पर जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में विकास के नाम पर कोई भी चीज नहीं है. ऐसे में कांग्रेस  का प्रयास है कि किसी तरह केंद्र सरकार के खिलाफ माहौल खड़ा कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र से इतनी मदद के बावजूद लोगों को गुमारह करने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस का यह कहना कि केंद्र से कुछ नहीं मिला यह सच नहीं है. उन्होंने कहा कि भाजपा सच्चाई को जनता के सामने रखेगी। 

जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र में बीजेपी अपने बूते सरकार चला रही है और 2024 में भी लोकसभा चुनाव जीतेगी और अपने बलबूते ही सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी हिमाचल में भी चारों सीटों पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पार्टी चुनावों की तैयारी कर रही और इसी कड़ी में इसके सभी मोर्चे काम में जुट गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने मंडल स्तर पर संगठन का गठन पूरा कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चारों सीट पर जीत के लिए सभी मोर्चों को काम दिया गया है। सभी मोर्चे बेहतर काम करे इसके लिए कार्य योजना बनाई जा रही है। ठाकुर ने दावा किया कि आने वाले चुनावों में चारों सीटों पर बीजेपी जीतेगी। 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने समापन भाषण में किसान मोर्चा का आह्वान किया कि हम सब आज से जुट जाएं और नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में बनाने का लक्ष्य ले कर काम करें। उन्होंने कहा कि देश के किसानों का कल्याण नरेन्द्र मोदी के साथ ही संभव है। पूर्व की कांग्रेस सरकारों ने यूरिया, खाद व अन्य सिंथेटिक खादों को सदैव ब्लैक का विषय बना कर रखा। खाद की प्राप्ति सदा एक संघर्ष का विषय रहा परन्तु मोदी जी ने आते ही नीम कोटिड यूरिया शुरू करवा दिया जिसके कारण यूरिया की ब्लैक समाप्त हो गई व खाद सुगमता से मिलनी शुरू हो गई। दुनिया में युरिया के दाम चार गुणा बढ़ गई परन्तु मोदी सरकार ने सबसिडी की मात्रा के मल्टीप्लाई करते हुए खादों के दामों को बढ़ने नहीं दिया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *