शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने सरकार के मंत्रियों से कहा है कि वे पार्टी को भी समय दें। हालांकि प्रतिभा सिंह ने माना कि मुख्यमंत्री व मंत्री आपदा से निपटने में जुटे रहे हैं जिससे उनके पास व्यस्तताएं काफी ज्यादा हैं, परंतु पार्टी वर्करों को भी समय देना चाहिए। महीने में एक दिन मंत्री प्रदेश पार्टी मुख्यालय पर बैठें और वर्करों की समस्याओं को सुलझाएं तो अच्छा लगेगा।
प्रतिभा सिंह ने मंगलवार को यहां मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने खुद कहा था कि वह भी पार्टी कार्यालय में आया करेंगे, वहीं मंत्री भी यहां आएंगे। ऐसे में वर्करों के मसलों को हल करने के लिए उनको शुरूआत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन की बात पार्टी दफ्तर में ही होगी।
एक सवाल पर प्रतिभा सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की सरकार बेहतरीन तरीके से काम कर रही है। सरकार ने ओल्ड पेंशन स्कीम का वायदा पूरा किया है। वहीं महिलाओं को 1500 रुपए की राशि देने के वायदे पर भी स्पीति से शुरूआत की है। इस बीच में आपदा आ गई और इस कारण सरकार को परेशानी हुई है। आपदा से निपटने के बाद सरकार अपने किए वायदे को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जनता से पांच साल के लिए वायदे किए हैं, जिनको पूरा करने के लिए सुक्खू सरकार पूरी मशक्कत कर रही है।
प्रतिभा सिंह ने एक सवाल के जवाब में कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी हाइकमान जिसे भी टिकट देगी, उसके साथ पूरा संगठन खड़ा होगा। टिकट किसे दिया जाना है किसे नहीं, यह पार्टी हाईकमान की तय करेगा। उन्होंने कहा कि जनता, देश में बदलाव चाहती है। जनता प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा से नाराज है क्योंकि 10 साल में जो भी वायदे भाजपा ने किए थे वो पूरे नहीं किए। हिमाचल प्रदेश की जनता के साथ भी छलावा किया, क्योंकि यहां पर आकर भी पीएम मोदी ने कई वायदे किए थे, लेकिन एक भी पूरा नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि आपदा के समय में केन्द्र सरकार ने हिमाचल की बिल्कुल भी मदद नहीं की। हिमाचल में भयंकर आपदा आई, मगर केन्द्रीय सहायता के नाम पर कुछ नहीं दिया गया। प्रदेश सरकार ने पैकेज मांगा, लेकिन नहीं मिला। जिस पर राज्य सरकार ने खुद 4500 करोड़ रुपए का पैकेज देकर प्रदेश के प्रभावितों को राहत पहुंचाई है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आपदा के नाम पर भाजपा ने हाथ खींचे हैं और लोकसभा चुनाव में हिमाचल की जनता भाजपा के नेताओं को सबक सिखाएगी।
