Spread the love

सोलन। मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग) संजय अवस्थी ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र के सभी महाविद्यालयों को ज्ञान प्राप्ति का उत्कृष्ट केन्द्र बनाया जाएगा। वे शुक्रवार को सोलन ज़िला के अर्की विधानसभा क्षेत्र की राजकीय प्राथमिक पाठशाला बनी मटेरनी में 28वीं खण्ड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के समापन व पुरस्कार वितरण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।

संजय अवस्थी ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में चार महाविद्यालय कार्यरत हैं। राज्य सरकार ने इस सत्र से राजकीय महाविद्यालय अर्की में अंग्रेजी तथा इतिहास विषयों में स्नातकोत्तर कक्षाएं आरम्भ करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि अन्य महाविद्यालयों को भी ज्ञान प्राप्ति का बेहतर केन्द्र बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजकीय महाविद्यालय जयनगर के भवन निर्माण का कार्य भी आरम्भ किया जाएगा।

उन्होंने इससे पूर्व ग्राम पंचायत मटेरनी में 27.16 लाख रुपए की लागत से निर्मित उप स्वास्थ्य केन्द्र का लोकार्पण भी किया। यह उपकेन्द्र क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा।

संजय अवस्थी ने कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मटेरनी में भवन निर्माण के कार्य के लिए समुचित धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता को भवन का आकलन तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि उपलब्ध होने पर आकलन के अनुसार राजकीय प्राथमिक पाठशाला मटेरनी के भवन विस्तार का कार्य भी पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने विद्यालय में कबड्डी मैट के लिए 02 लाख रुपए उपलब्ध करवाने की घोषणा की। उन्होंने कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को अपनी ऐच्छिक निधि से 2100 रुपए, नृत्य में प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने वाले दल को अपनी ओर से 1100 रुपए तथा आयोजन समिति को अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपए प्रदान करने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि ब्रह्मपुखर-मटेरनी-चण्डीगढ़ (नालागढ़) मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने का प्रयास किया जाएगा। सम्पर्क मार्ग चांगर का निर्माण अनुसूचित जाति उप योजना के तहत करवाया जाएगा।

संजय अवस्थी ने कहा कि सभी छात्रों को खेल प्रतियोगिता में भाग लेना चाहिए। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि अपनी कमियों को दूर कर अगले वर्ष विजेता बनकर उभरंे। उन्होंने कहा कि जीवन में सफल होने के लिए पढ़ाई तथा खेल का संतुलन आवश्यक है।

मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि प्रदेश सरकार गुणवत्तायुक्त शिक्षा एवं खेलों के लिए बेहतर अधोसंरचना प्रदान करने पर बल दे रही है। उन्होंने कहा कि बेरोज़गारी आज की सबसे बड़ी समस्या है और इसके निदान के लिए ग्राम स्तर तक योजनाबद्ध प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं के लाभ पहुंचाने के लिए कृत संकल्प हैं। उनकी यह सोच सुखाश्रय जैसी योजनाओं में परिलक्षित होती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की सुखाश्रय योजना पूरे देश में एक मिसाल बनेगी।

उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि नशे से दूर रहें और अपने साथियों को भी नशे से दूर रखें। उन्होंने इस अवसर पर प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया। 

इस अवसर पर ग्राम पंचायत मटेरनी की प्रधान अंजु जगोता, ग्राम पंचायत जयनगर के प्रधान राजेन्द्र शर्मा, ग्राम पंचायत बडोग के प्रधान योगराज, ग्राम पंचायत जयनगर के उप प्रधान सुरजीत, बीडीसी सदस्य अंकिता और शशीकांत, यूथ कांग्रेस अर्की के अध्यक्ष हेमन्त वर्मा, अर्की के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष रमेश ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राजन उप्पल, खण्ड चिकित्सा अधिकारी अर्की डाॅ. तारा चंद नेगी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed