Spread the love

पालमपुर‌। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सुलह के अध्यक्ष संजय सिंह चौहान ने मंगलवार को सुलह क्षेत्र में लगातार भारी बारिश के दौरान हो रहे नुकसान का गांव-गांव जाकर जायजा लिया तथा लोगों का हाल जाना। इस दौरान संजय सिंह चौहान ने उन कुछ गरीब लोगों का हाल जाना, जो खतरनाक मकानों में रह रहे हैं और कभी भी गिर सकते हैं।

संजय सिंह चौहान ने कहा कि बड़े अचंभे की बात है कि आज तक इन गरीब लोगों की कोई सुध नहीं ली गई, जो कच्चे और जानलेवा मकानों में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि इतनी भारी बारिश के दौरान मकान कभी भी गिर सकते हैं तथा उन्हें जान माल की हानि हो सकती है। इसे देखते हुए संजय सिंह चौहान ने एसडीएम धीरा, बीडीओ भवारना तथा बीडीओ भेड़ु महादेव से विशेष रूप से बात कर कुछ लोगों को फौरी राहत देने के लिए कहा। इसमें सालन गांव की मलका देवी, पुरवा गांव की सुभद्रा देवी, पुंडर गांव में प्यार चंद जोकि बहुत ही खतरनाक स्थिति में रह रहे हैं। कईयों के डगे गिर गए हैं तथा मकानों के गिरने की स्थिति बनी हुई है।

संजय सिंह चौहान ने एसडीएम धीरा से बात करके इन लोगों को तुरंत त्रिपाल तथा जो भी प्रशासन की तरफ से मदद हो सकती है, वह प्रदान करने के लिए कहा। चौहान ने कहा कि सुलह में आज तक गरीबों की कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस नेतृत्व वाली सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार गरीबों के लिए समर्पित होकर काम कर रही है। चौहान ने लोगों से आग्रह किया कि वे संकट की इस आपदा में प्रभावित लोगों की सेवा के लिए आगे आएं तथा को सरकार तथा प्रशासन की मदद करें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *