Spread the love
शिमला। नन्‍द लाल शर्मा, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, एसजेवीएन ने स्वच्छता पखवाड़ा 2023 के अंतर्गत एक अभिनव आउटरीच कार्यक्रम, मेरा सामाजिक उत्‍तरदायित्‍व (एमएसआर) के तहत सौहार्द के चतुर्थ संस्करण का उद्घाटन किया। नन्‍द लाल शर्मा ने वर्ष 2019 में एमएसआर की अभिनव अवधारणा को आरंभ किया, जिसका उद्देश्य समाज के वंचित वर्ग तक पहुंच बनाना है।
नन्‍द लाल शर्मा ने कारपोरेट मुख्यालय, शिमला में एसजेवीएन कर्मचारियों द्वारा स्वैच्छिक रूप से दान किए गए स्मृति चिन्ह और वस्तुओं को विभिन्न ठेकेदारों द्वारा तैनात कम आय वाले आउटसोर्स कर्मचारियों के मध्‍य वितरित किया। समारोह में वितरित किए गए 308 स्मृति चिह्नों में से नन्‍द लाल शर्मा ने 56 से अधिक स्मृति चिन्ह और उपहार दान किए, जो उन्हें विभिन्न अवसरों एवं समारोहों में बाह्य एजेंसियों, संगठनों तथा समूहों से प्राप्त हुए थे।
शर्मा ने कहा कि “मेरा सामाजिक उत्‍तरदायित्‍व, आर्थिक विकास एवं समाज के कमजोर वर्ग के कल्याण के मध्‍य संतुलन बनाने का हमारा एक कल्‍याणकारी प्रयास है। यह हमारा सामाजिक उत्‍तरदायित्‍व है कि हम स्वेच्छा से इस नेक कार्य में योगदान दें तथा हर संभव तरीके से सहायता करके कम विशेषाधिकार प्राप्त लोगों के जीवन में बदलाव लाएं।‘’
इस अवसर पर गीता कपूर, निदेशक (कार्मिक), सुशील शर्मा, निदेशक (विद्युत), प्रेम प्रकाश, मुख्य सतर्कता अधिकारी और वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
वर्ष 2019 के बाद से, एमएसआर के तीन संस्करण सफलतापूर्वक कारपोरेट कार्यालय, शिमला में आयोजित किए गए तथा समाज के कम विशेषाधिकार प्राप्त वर्ग के बीच 1000 से अधिक स्मृति चिन्ह और उपहार वितरित किए गए।
इसी प्रकार, एसजेवीएन की अन्य परियोजनाओं और इकाइयों ने भी एमएसआर को अपनाया है तथा अपने आस-पास के कमजोर लोगों की मदद के लिए परियोजनाओं में सौहार्द का आयोजन कर रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed