Spread the love
शिमला। भाजपा कार्यालय शिमला में एक विशिष्ठ बैठक नगर निगम चुनाव को लेकर संपन्न हुई। इसकी अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल द्वारा की गई।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद सुरेश कश्यप, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, नगर निगम चुनाव के प्रभारी एवं विधायक सुखराम चौधरी, प्रदेश महामंत्री राकेश जम्वाल, त्रिलोक जम्वाल एवं अनेक पूर्व मंत्रीगण, विधायकगण व पार्टी के वरिष्ठ नेता बैठक में भाग लिया। बैठक में नगर निगम शिमला के 34 वार्डों में चुनाव लड़े सभी उम्मीदवारों ने‌ हिस्सा लिया।‌
बैठक में नगर निगम चुनाव प्रभारी सुखराम चौधरी व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने बड़ी मेहनत से और बड़ी निष्ठा से चुनाव में काम किया और बेहतरीन तरीके से चुनाव प्रचार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता का जमकर दुरुपयोग किया और प्रदेश के विभिन्न स्थानों के वोट शिमला में बनाए गए। हर वार्ड में वोटों को बनाते हुए नगर निगम क्षेत्र में हजारों वोट बनाए गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जीत सत्ता के दुरुपयोग की जीत है।
बैठक में भाजपा के सभी जीते हुए 9 पार्षदों का अभिनंदन किया गया। इसमें अप्पर ढली से कमलेश मेहता, फागली से कल्याण धीमान, पंथाघाटी से कुसुम ठाकुर, रुल्दुभट्टा से सरोज ठाकुर, कृष्णा नगर से बिट्टू कुमार पाना, पटयोग से आशा शर्मा, न्यू शिमला से निशा ठाकुर, भराड़ी से मीना चौहान और कसुंपटी से रचना जिन्हा शर्मा उपस्थित रही।
बैठक में डॉ. बिंदल व संगठन मंत्री सिद्धार्थन ने कहा कि हम सभी को आगामी कार्यक्रमों को पूर्ण करने के लिए जुट जाना है। बैठक में भाजपा संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने कहा कि नगर निगम चुनावों में कार्यकर्ताओं ने पूरी ताकत से चुनाव लड़ा और पार्टी ने बेहतरीन तरीके के साथ चुनाव लड़ने में सभी पार्षदों एवं नेताओं की मदद की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बताया कि चर्चा में यह विषय निकल कर सामने आया कि कांग्रेस पार्टी ने शिमला नगर निगम के चुनावों में सत्ता का दुरुपयोग कर शिमला नगर निगम में अपनी जीत दर्ज की है।
बैठक में कहा ग‌या‌ कि चुनाव के प्रथम दिन से ही कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने नगर निगम शिमला के चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास किया। पहले कांग्रेस के नेताओं ने नगर निगम शिमला के रोस्टर के साथ छेड़छाड़ की। इसके बाद जिस प्रकार से नगर निगम शिमला में 20 हजार से अधिक वोट बने, उससे भी नगर निगम शिमला के चुनाव प्रभावित किया गया। यही‌ नहीं, चुनाव के बीच में कर्मचारियों को डीए की किस्त देना और विभिन्न पदों की नौकरियों को रेगुलर करने की घोषणा भी कि गई और ये सब चुनाव को प्रभावित करने के लिए ही की गई। कांग्रेस पार्टी ने इन चुनावों में सत्ता का पूर्ण रूप से दुरुपयोग किया, जिसके कारण कांग्रेस पार्टी ने नगर निगम शिमला में सीटें जीती।
बैठक में कहा‌ कि जयराम ठाकुर ने सभी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए सभी कार्यकर्ताओं को आगामी संसदीय चुनाव के लिए लगने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अब नगर निगम शिमला का चुनाव हो गया है और हमें अपनी सुस्ती को छोड़कर 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए जुटना पड़ेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि हर पोलिंग बूथ पर जहां-जहां जो-जो कमी रही है उस कमी को सब मिलकर दूर करेंगे। जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा के पास सबसे बड़ा संगठन है। सबसे अच्छे कार्यकर्ता हैं और सभी के पूरा मन बनाकर जुट जाने की आवश्यकता है।
ठाकुर ने कहा कि नगर निगम के चुनावों में 160 से अधिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय कार्य किया और 150 से अधिक सभाओं का आयोजन किया गया। सभी कार्यकर्ताओं के कहने पर पार्टी ने मजबूती से कार्य भी किया और भारतीय जनता पार्टी ने इन चुनावों को गंभीरता के साथ लड़ा। भविष्य में सभी कार्यकर्ता मिलकर आगामी लोकसभा चुनावों को लड़ेंगे और चारों सीटों पर जीत दर्ज करेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *