Spread the love
सोलन। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री डाॅ. कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा है कि प्रदेश सरकार शीघ्र ही शिक्षित बेरोज़गार युवाओं को अपने घर से ही रोज़गार प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन सुविधा प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि श्रम ही विकास का आधार है और युवाओं को सदैव कठिन परिश्रम के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि अपने ज्ञान को भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप अद्यतन करना चाहिए।
डाॅ. शांडिल बुधवार को सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित मैगा रोज़गार मेले का शुभारम्भ करने के उपरांत उपस्थित युवाओं को सम्बोधित कर रहे थे। इस रोज़गार मेले में 50 विभिन्न कम्पनियों द्वारा युवाओं को रोज़गार के अवसर प्रदान किए गए। उन्होंने रोज़गार प्रदाताओं से आग्रह किया कि शिक्षित बेरोज़गार युवाओं की योग्यता के अनुरूप रोज़गार के अधिक से अधिक अवसर सृजित करें।
डाॅ. शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी 77 रोज़गार कार्यालयों का कम्प्यूटरीकरण करेगी। उन्होंने कहा कि रोज़गार कार्यालयों को कम्प्यूटरीकृत करने से बेरोज़गार युवाओं को पंजीकरण एवं आवेदन इत्यादि की सुविधा ऑनलाइन उपलब्ध हो जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रणाली के ऑनलाइन होने से जहां युवा अपने घर से ही उपलब्ध रोज़गार के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, वहीं सारी जानकारी एक क्लिक पर उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में रोज़गार मेलों का आयोजन भी ऑनलाइन किया जा सकेगा।
श्रम एवं रोज़गार मंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप रोज़गार एवं स्वरोज़गार के बेहतर अवसर प्रदान करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए जहां सभी ज़िलों में समय-समय पर रोज़गार मेलों का आयोजन किया जा रहा है वहीं विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को अपना स्वरोज़गार स्थापित करने के लिए रियायतें प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इसी दिशा में प्रदेश सरकार द्वारा ‘मुख्यमंत्री रोज़गार संकल्प सेवा’ आरम्भ की गई है। इसके माध्यम से प्रदेश के दूर-दराज़ के क्षेत्रों के युवाओं को प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध रोज़गार अवसरों से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि बढ़ती बेरोज़गारी सभी के लिए चिंता का विषय है और इस समस्या से निजात पाने के लिए प्रदेश सरकार योजनाबद्ध कार्य कर रही है।
श्रमायुक्त एवं निदेशक रोज़गार रोहित जम्वाल ने कहा कि प्रदेश के ज़िला स्तर पर कार्यरत 12 तथा अन्य 65 रोज़गार कार्यालयों का कम्प्यूटरीकरण युवाओं को एक स्थान पर बेहतर अवसर प्रदान करने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व हाल ही में मण्डी में आयोजित रोज़गार मेले में 20 निजी कम्पनियों द्वारा 500 से अधिक युवाओं को रोज़गार उपलब्ध करवाया गया। उन्होंने कहा कि 04 मई, 2023 को हमीरपुर में भी मेगा रोज़गार मेला आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने विभाग द्वारा युवाओं के लिए प्रदेश सराकर द्वारा कार्यान्वित की जा रही योजनाओं की जानकारी भी दी।
प्रदेश कांग्रेस समिति के उपाध्यक्ष राहुल ठाकुर, जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष शिव कुमार, ब्लाक कांग्रेस कमेटी सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, कांग्रेस महासचिव संजय भण्डारी, अजय कंवर, अजय वर्मा, कांग्रेस पार्टी के अन्य पदाधिकारी, अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय यादव, उपमण्डलाधिकारी सोलन कविता ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ. राजन उप्पल, ज़िला रोज़गार अधिकारी संदीप ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति, रोज़गार प्रदाता एवं बड़ी संख्या में युवा इस अवसर पर उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *