Spread the love

हमीरपुर। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बाल कल्याण से संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों और जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति के पदाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे हिमाचल प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना का लाभ सभी पात्र बच्चों तक पहुंचाने की दिशा में कार्य करें। बुधवार को यहां डीआरडीए के सम्मेलन हॉल में जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए हेमराज बैरवा ने कहा कि अनाथ बच्चों को लाभान्वित करने के लिए प्रदेश सरकार ने यह एक बहुत ही अच्छी योजना आरंभ की है। प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत सभी अनाथ बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ स्टेट’ के रूप में अपनाने का निर्णय लिया है। यानि प्रदेश सरकार माता-पिता के रूप में इन बच्चों का पालन-पोषण एवं उत्थान सुनिश्चित करेगी।
उपायुक्त ने बताया कि प्रदेश सरकार ने इस योजना के तहत इन बच्चों की शिक्षा, कौशल विकास, एक्सपोजर विजिट्स और अन्य सुविधाओं के लिए धनराशि का प्रावधान किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और बाल कल्याण समिति के सदस्यों से इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र बच्चों तक इसका लाभ पहुंच सके। उपायुक्त ने कहा कि इस समय जिला में कुल 126 अनाथ एवं बेसहारा बच्चों को फोस्टर केयर योजना और अन्य योजना के माध्यम से लाभान्वित किया जा रहा है। गत वित्त वर्ष के दौरान इन बच्चों पर लगभग 41.32 लाख रुपये खर्च किए गए।
बाल आश्रम सुजानपुर में बच्चों को उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न सुविधाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि यहां रहने वाले बच्चों की उचित शिक्षा, खेलकूद और अन्य सुविधाओं के लिए संबंधित विभागों का भी सहयोग लिया जाना चाहिए। संस्थान में किशोर न्याय अधिनियम के सभी प्रावधानों की अक्षरश: अनुपालना सुनिश्चित होनी चाहिए। बैठक में बेसहारा बच्चों से संबंधित अन्य मुद्दों पर भी व्यापक चर्चा की गई।
इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण अधिकारी योगराज आचार्य ने विभिन्न मुद्दों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। बैठक में डीआरडीए के परियोजना अधिकारी राजकुमार, जिला बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष रेखा शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके अग्रिहोत्री, उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक बीडी शर्मा, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कुलभूषण राकेश धीमान, जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी पूर्ण चंद कटोच और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *