Spread the love
शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप और पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी ने सेमवार को आयुक्त राज्य निर्वाचन आयोग को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें नगर निगम शिमला के चुनावों में कांग्रेस पार्टी द्वारा बनाई जा रही फर्जी वोटों बारे आयोग को विस्तृत जानकारी दी गई।
सुरेश कश्यप ने कहा कि नगर निगम शिमला की चुनाव प्रक्रिया में वोट बनाने का क्रम जारी है। वर्तमान कांग्रेस सरकार द्वारा सत्ता का दुरुपयोग करते हुए भारी संख्या में फर्जी वोट बनाकर नगर निगम चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी के ध्यान में आया है कि उप-मुख्यमंत्री एवं सरकार के कुछ मंत्रियों के घरों में भारी तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के फर्जी वोट बनाये जा रहे हैं। ऐसा ही एक वाक्या बैनमोर वार्ड में भी सामने आया है जहां एक ही कमरे में 18 से 20 लोगों द्वारा वोट बनाने के लिए आवेदन किए जा रहे हैं। इस तरह की घटनाएं अन्य वार्डों में सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ एवं सुदृढ़ लोकतंत्र की स्थापना के लिए आवश्यक है कि चुनावों में पारदर्शिता और निष्पक्षता बरती जाए, परन्तु खेद का विषय है कि कांग्रेस पार्टी नगर निगम शिमला के चुनावों में जीत हासिल करने के लिए निम्न स्तर की राजनीति पर उतर आई है और जाली वोटों के सहारे नगर निगम पर कब्जा करना चाहती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने नगर निगम चुनावों को लेकर जो रोस्टर जारी किया है वह भी न्याय संगत नहीं है। उन्होंने कहा कि रोस्टर बनाते समय उचित मापदंडों को दरकिनार किया गया है और इसलिए सरकार की कार्यप्रणाली पर भी कई तरह सवाल उठ रहे हैं।
सुरेश कश्यप ने आयुक्त से कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस ज्ञापन के माध्यम से आग्रह करती है कि कांग्रेस सरकार द्वारा बनाए जा रहे फर्जी वोटों को मान्यता न दी जाए ताकि नगर निगम शिमला के चुनाव निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हो सके। उन्होंने कहा कि भट्टाकुफर में तो भाजपा कार्यकर्ताओं के वोट का आवेदन तक नहीं ले रहे, पर दूसरी ओर कांग्रेस नेता बोरियों में भर कर वोट बनाने को दस्तावेज लेकर आ रहे हैं। इस पर चुनाव आयोग तो ध्यान देना चाहिए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *