Spread the love
शिमला। हिमाचल प्रदेश के 23 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ताओं को महंगी बिजली का झटका लगा है। राज्य विद्युत नियामक आयोग ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए बिजली की नई दरें लागू कर दी हैं। बिजली दरों में 22 पैसे प्रति यूनिट की दर से बढ़ोतरी की गई है। बढ़े हुए दाम एक अप्रैल, यानी शनिवार से लागू होंगी।
इसमें घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट फ्री बिजली मिलती रहेगी और 125 यूनिट बिजली खर्च करने पर उपभोक्ताओं को कोई बिल नहीं आएगा। पूर्व जयराम ठाकुर की सरकार ने 125 यूनिट तक लोगों को फ्री बिजली देने का फैसला लिया था। कांग्रेस ने 300 यूनिट बिजली फ्री देने की गारंटी अपने घोषणा पत्र में की थी, लेकिन इसए अभी लागू नहीं किया गया है। हालांकि पूर्व सरकार के समय में दी जा रही 125 यूनिट फ्री बिजली के बदले मौजूदा सरकार बिजली बोर्ड को सब्सिडी देती रहेगी। वहीं, कमर्शियल और इंडस्ट्रियल उपभोक्ताओं के लिए भी अलग से पावर टैरिफ तय‌ किए गए हैं।
उधर, हिमाचल सरकार ने बिजली परियोजनाओं पर जो वाटर सेस लगाया है, उसके प्रभाव का 1.20 रुपए से लेकर 1.30 रुपए प्रति यूनिट की दर से आंका गया है, लेकिन राज्य सरकार ने इसके बदले में सब्सिडी देने का फैसला लिया है। इससे वाटर सेस का असर उपभोक्ताओं को मिलने वाली बिजली पर नहीं पड़ेगा। यही नहीं, किसानों और कृषि क्षेत्र को भी पहले की तरह बिजली में सब्सिडी जारी रखने का फैसला लिया गया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *