शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में शुक्रवार को बजट सत्र देखने आये बिशप कॉटन स्कूल, शिमला के छात्रों ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से विधानसभा परिसर में भेंट की। इस अवसर पर पठानिया ने कहा कि युवाओं को लोकतांत्रिक प्रणाली समझने में रूचि लेनी चाहिए तथा देश के संघीय ढ़ाचे तथा शासन व्यवस्था का ज्ञान होना उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए।
कुलदीप पठानिया ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी जिस तरह से विधानसभा व संसदीय सत्रों के देखने के लिए प्रेरित हो रहे हैं उससे यह प्रणाली सुदृढ़ होगी तथा इसका भविष्य भी उज्जवल होगा। पठानिया ने कहा कि लोकतंत्र में संसदीय गतिविधियों का सर्वाधिक महत्व है, जीवन और समाज हर क्षेत्र को प्रभावित करने वाले काम संसद में होते है। संसद ही वह स्थान है जहां नए-नए विधि विधान बनाए जाते हैं ।
इस अवसर पर पठानिया ने उन्हें विधानसभा में होने वाली कार्यवाही के बारे अवगत करवाया व छात्रों को अपनी ओर से शुभकामनाएं दी तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
