Spread the love
शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि छत्तीसगढ़ के रायपुर में आयोजित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का 85वां महाधिवेशन बहुत ही महत्वपूर्ण व सफल रहा है। उन्होंने कहा कि इस अधिवेशन में राज्यों के कांग्रेस संगठनों के बारे जो भी दिशानिर्देश व प्रस्ताव पारित किए गए हैं उन्हें प्रदेश में गंभीरता से लागू किया जाएगा।
प्रतिभा सिंह ने अधिवेशन में पारित संकल्पों की जानकारी देते हुए बताया कि कांग्रेस ने राष्ट्र की पीड़ा, देश को अंधकार से मुक्त करने विभाजनकारी ताकतों से देश को बचाने व देश में स्थिरता, शांति को फिर से बहाल करने की दिशा में अपना कार्य जारी रखने का संकल्प लिया है। इस संदर्भ में राहुल गांधी की कन्याकुमारी से कश्मीर तक 4000 किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो यात्रा इस दिशा में कांग्रेस का एक बहुत महत्वपूर्ण कदम है, जिसके लिये बैठक में राहुल गांधी की सराहना की गई।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस के महाधिवेशन में विदेश, राजनैतिक व आर्थिक मामलों पर पारित संकल्पों के साथ-साथ संगठन के विभिन्न मुद्दों पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी का भी अधिवेशन में पार्टी में उनके कांग्रेस को उल्लेखनीय योगदान की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया गया।
प्रतिभा सिंह ने बताया कि अधिवेशन में कार्यपालिका, विधायिका, न्यायपालिका को जिस प्रकार आज प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से कमजोर करने की कोशिश भाजपा द्वारा की जा रही है वह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है और कांग्रेस इसकी अंखडता व स्वतंत्रता को किसी भी कीमत पर ध्वस्त नहीं होने देगी। अधिवेशन में मीडिया के उत्पीड़न की भी निंदा करते हुए कानून व सवैधानिक ढंग से प्रेस की स्वतंत्रता को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
प्रतिभा सिंह ने बताया राजनैतिक मामलों के पारित संकल्पों में भारत के गौरवशाली लोकतांत्रिक विरासत को नवीनीकृत करने के लिये अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ साथ दल बदल कानून, पुलिस सुधार, चुनाव सुधार, डेटा सरंक्षण, नफरत की राजनीति को दूर करने, घृणा अपराधों को रोकने और उन्हें दंडित करने के लिये कड़ा कानून बनाने जैसे कई अन्य महत्वपूर्ण संकल्प पारित किये गए हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed