शिमला। भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी करण नंदा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस देश को सिर्फ तोड़ सकती है, जोड़ नहीं सकती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देशभर में कांग्रेस छोड़ो यात्रा निकाल रखी है, लेकिन जब से कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा चली है तब से कांग्रेस के दिग्गज नेता कांग्रेस छोड़ रहे हैं।
नंदा ने कहा कि भाजपा को कांग्रेस की यात्रा से कोई डर नहीं है, लेकिन कांग्रेस को भाजपा से पूर्ण भय हैं। क्योंकि जिस प्रकार से जनता ने बढ़-चढ़कर भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान किया है उससे कांग्रेस नेताओं को पूर्वसंकेत हो चुका है कि वह सत्ता में नहीं आने वाले। उन्होंने कहा कि हार के डर से कांग्रेस अलग-अलग प्रकार के आरोप भाजपा पर लगा रही है, पर उनके लगाए सारे आरोप निराधार हैं।
नंदा ने कहा कि 8 दिसंबर को जब परिणाम सामने आएंगे तो भाजपा की 40 से अधिक सीटें आने वाली है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ हिमाचल प्रदेश में एक स्थिर सरकार बनाने जा रही है। इस बार हिमाचल प्रदेश में रिवाज बदलना तय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं को तो यह भी चिंता सता रही है कि उनके कई मुख्यमंत्री दावेदार हार की ओर अग्रसर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि समीकरण तो ऐसे निकल कर आ रहे हैं जैसे कांग्रेस के मुख्यमंत्री दावेदार चुनाव में हार का सामना करने जा रहे हैं।
