Spread the love

शिमला। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने कहा है कि हिमाचल में डबल इंजन नहीं, बल्कि ट्रबल इंजन की सरकार है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता भाजपा के विफल शासन से त्रस्त है। मुख्यमंत्री की नाकामी भाजपा खुद उसके पोस्टर में PM मोदी की तस्वीर लगाकर वोट मांगते हुए उजागर कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता विकास, रोजगार और सामाजिक न्याय चाहती है जो सिर्फ कांग्रेस ही दे सकती है।

अलका लांबा ने भाजपा की प्रवक्ता अपरजिता सारंगी द्वारा प्रेसवार्ता कर काँग्रेस पर लगाए गए आरोपों पर जोरदार पलटवार कर मुद्दों पर जवाब दिया। अलका लांबा ने कहा कि कांग्रेस हमेशा वादे निभाती है। OPS पर जो वादा हिमाचल में किया है वो पहले राजस्थान और छत्तीसगढ़ में निभाया जा चुका है। और हिमाचल में सरकार बनते ही पहली कैबिनेट ने यह निर्णय लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल में तथाकथित अभूतपूर्व विकास का आलम यह है की प्रदेश के कैंसर अस्पताल में PET Scan मशीन ना लगवा पाने के कारण आज भी मरीजों को चंडीगढ़ जाने के लिए मजबूर होना पड़ता है।

अलका लांबा ने हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा देने के मुद्दे पर भाजपा को जमकर लताड़ लगाते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आते ही दिखावे के लिए चर्चा और समिति का लालच दिखाया जा रहा है। कांग्रेस पहले से कहती आ रही है कि संसद का विशेष सत्र बुलाकर कानून बनाये और हाटी समुदाय को न्याय देने का विधेयक लाया जाए तो कांग्रेस समर्थन देगी, लेकिन भाजपा ने पांच साल कुछ भी नहीं किया।

अलका लांबा ने कहा कि वादे करना, चुनावी फायदे लेना और बाद में उस पर अमल ना करना भाजपा की फितरत है। उन्होंने कहा कि सालाना दो करोड़ रोजगार का वादा हो चाहे सस्ते पेट्रोल-डीजल की बात या फिर महंगाई का मुद्दा… हर मोर्चे पर भाजपा विफल रही है। देश की जनता महंगाई से कराह रही है लेकिन पीएम मोदी और उनके मंत्री महंगाई का “म” बोलने को तक राजी नहीं है। युवा बेरोजगारी से त्रस्त है। सरकार अग्निवीर जैसी ठेके की योजना लाकर युवाओं को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था का बुरा हाल है। डॉलर के मुकाबले रुपया दिन ब दिन कमजोर हो रहा है लेकिन वित्त मंत्री कहती है रुपया कमजोर नहीं हुआ, बल्कि डॉलर मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना में दिये गैस सिलिंडर वापस भरवाने तक के पैसे आज महिलाओं के पास नहीं है क्योंकि सिलिंडर के दाम आसमान पर पहुंचा दिये गए हैं। महिला सुरक्षा के नाम पर वाह वाही लूटनेवाली जयराम सरकार की लाडली helpline बिल्कुल हेल्पलेस हो चुकी है।

भृष्टाचार के मुद्दे पर भी अलका लांबा ने भाजपा की जमकर खिचाई की। ना खाऊंगा ना खाने दूंगा कहने वाले मोदी जी की पार्टी की सरकार प्रदेश में है। उन्होंने आरोप लगाया कि बहुचर्चित छात्रवृत्ति घोटाला, पुलिस भर्ती पेपर लीक घोटाला, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की आड़ में हुए करोड़ों के घपले, PPE कीट खरीद घोटाला, स्ट्रीट लाइट खरीद घोटाला ऐसे अनगिनत घोटाले मोदी जी के और एक जुमले की पोल खोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता विकास, रोजगार और सामाजिक न्याय चाहती है जो सिर्फ कांग्रेस ही दे सकती है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *