Spread the love
शिमला। कांग्रेस नेता व विधायक रोहित ठाकुर ने कहा है कि प्रदेश में अप्रत्याशित वर्षा से बहुमूल्य जान-माल की हानि हो रही है, लेक़िन भाजपा सरकार जनता को राहत देने की बजाए चुनावी रैलियों में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष मानसून से प्रदेश को लगभग 3000 करोड़ रुपए का नुक़सान हुआ है, जबकि सैंकड़ों बहुमूल्य जानें भी गई हैं। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही वर्षा किसानों-बाग़वानों पर कहर बनकर टूटी है, जिससे रिहायशी घर, गौशाला, किसानों-बाग़वानों के खेत व सेब के पेड़ टूट कर क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
रोहित ठाकुर ने कहा कि इसी प्रकार पिछले वर्ष भी प्राकृतिक आपदा से प्रदेश को करोड़ों का नुक़सान उठाना पड़ा था, जिसकी भरपाई आज तक नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि सरकार मानसून से प्रदेश के किसानों-बाग़वानों को हुए नुक़सान का आंकलन कर तुरंत मुआवज़ा राशि दे। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थिति के चलते पहाड़ी क्षेत्र में सड़कें जीवन रेखा है। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर वर्षा से सड़कें दलदल और गड्डों में तब्दील हो गई है, वहीं प्रदेश सरकार ने इस वर्ष पीडब्ल्यूडी के बजट में कटौती कर दी है।
रोहित ठाकुर ने कहा कि सड़कों की दयनीय हालत को देखते हुए प्रदेश सरकार अतिरिक्त बजट का प्रावधान करें, जिससे सड़कों का उचित रख-रखाव व मरम्मत कार्य हो सके। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनहित के कार्यों को छोड़ चुनावी रैलियों में व्यस्त हो गई है और प्रशासन के अधिकारियों व कर्मचारियों को भी रैलियों के प्रबंधन में लगा दिया हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश पर ऋण बढ़कर 70 हजार करोड़ का आंकड़ा पार कर गया है। इसके बावजूद भाजपा सरकार ने अनावश्यक खर्चो में वृद्धि कर सभी पिछली सीमाएं लांघ दी है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि कर्मचारियों, किसानों और आम जनता के हितों को नजरअंदाज कर प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में 100 करोड़ रुपए खर्च कर दिए। इसी प्रकार मुख्यमंत्री भी आगामी चुनाव देख अमृत महोत्सव के नाम पर पार्टी के हर दिन कार्यक्रम कर रहे हैं, जिसमें भी जनता के करोड़ों रुपए ख़र्च किए जा रहे हैं। रोहित ठाकुर ने कहा कि जनहित के प्रति भाजपा सरकार के उदासीन रवैये का बदला प्रदेश की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में लेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *