Spread the love
शिमला। भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार तथा चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडे के नेतृत्व में हिमाचल के तीन दिवसीय दौरे पर आई भारत चुनाव आयोग की टीम ने शुक्रवार को यहां हिमाचल प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा के लिए राज्य के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठकें कीं। विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी इस अवसर पर आयोग से भेंट की।
आयोग ने राज्य पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के नोडल अधिकारियों के अलावा राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक के साथ भी समीक्षा बैठक की।
इसके उपरांत, आयोग ने राज्य के सभी मण्डलीय आयुक्तों, उपायुक्तों तथा पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक की। उपायुक्तों तथा पुलिस अधीक्षकों ने राज्य में चुनाव के सुचारू संचालन के लिए अपनाए जाने वाले उपायों और आवश्यक पगों के बारे में भी विस्तृत प्रस्तुति (प्रेजेंटेशन) दी।
आयोग ने राज्य में स्वतंत्र, निष्पक्ष और प्रलोभन मुक्त चुनाव सुनिश्चित करवाने के लिए किए जाने वाले प्रयासों के संबंध में कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ भी बैठक की।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार तथा चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडे ने इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन कार्यालय, हिमाचल प्रदेश द्वारा मतदाता जागरूकता के लिए विकसित किये गये ‘चैटबॉट-वोटर साथी’ तथा ऑनलाईन चुनाव प्रश्नोतरी का भी शुभारम्भ किया। यह प्रश्नोत्तरी 23 सितंबर से 10 अक्तूबर, 2022 तक आयोजित की जाएगी। इस ऑनलाईन प्रश्नोत्तरी के पहले तीन विजेताओं को नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इस अवसर पर उत्सव प्रतीक चिन्ह (लोगो) का भी शुभारम्भ किया गया।
आयोग ने ग्राम सभाओं के लिए एजेंडा का भी शुभारम्भ किया। यह एजेंडा ग्राम सभा की बैठकों के दौरान मतदाताओं की जागरूकता के लिए चलाई जाने वाली स्वीप गतिविधियों के लिए पढ़ा जाएगा।
हिमाचल प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने मुख्य चुनाव आयुक्त, चुनाव आयुक्त तथा टीम के अन्य सदस्यों को हिमाचली टोपी और शाल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *