Spread the love
शिमला। आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने प्रदेश के कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने की गारंटी दी है। प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर सबसे पहले कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम देने का निर्णय लिया जाएगा। आज आम आदमी पार्टी ने पूरे प्रदेश में ओल्ड पेंशन स्कीम की मांग कर रहे कर्मचारियों को अपना समर्थन भी दिया।
शिमला में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में सुरजीत ठाकुर ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने जयराम सरकार से मांग की है कि वह 7 दिन के अंदर कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम देने का निर्णय ले। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम देने पर मंथन कर रही है। हिमाचल में भी आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम दी जाएगी।
सुरजीत ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी का ग्राफ लगातार तेजी से बढ़ रहा है। केजरीवाल की गारंटियों पर जनता को पूरा भरोसा है, जिससे अब लोग खुलकर आम आदमी पार्टी का समर्थन करते हुए शामिल हो रहे हैं। प्रदेश में दिन प्रति दिन आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश में लोकप्रिय हो रही है और एक दमदार विकल्प के रूप में उभर के आ रही है। अरविन्द केजरीवाल ने हिमाचल के लोगों को 10 गारंटी दी हैं, यह गारंटियां लोगों के दिल और दिमाग पे छा गयी हैं। लोगों को विश्वास है कि ये गारंटियां केजरीवाल पूरी करेंगे, क्योंकि इन्होंने अपने वायदे दिल्ली और पंजाब में पूरे किये है। कांग्रेस और भाजपा ने हिमाचल के लोगों को ठगा है। दोनों पार्टियों ने चुनावी घोषणा पत्र के 90 फीसदी वायदे पूरे नहीं किए है। प्रदेश के लोगों को जो सुविधाएं 50 साल पहले मिलनी चाहिए थी, लेकिन हिमाचल के लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए आज भी तरस रहे हैं। हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर हिमाचल के लोगों को भी दिल्ली और पंजाब की तरह बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
कर्मचारियों को मिलनी चाहिए ओल्ड पेंशन स्कीम, केंद्र की भाजपा सरकार ने बंद किया, केजरीवाल ने केंद्र सरकार से की मांग : आप
सुरजीत ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के विकास और प्रगति में कर्मचारियों को बहुत बड़ा योगदान है। प्रदेश के हजारों कर्मचारी ओल्ड पेंशन स्कीम की मांग को लेकर सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। अपनी मांगों को लेकर कर्मचारी क्रमिक हड़ताल पर बैठे हैं लेकिन गूंगी-बहरी जयराम सरकार कर्मचारियों को सुन नहीं रही है। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम मिलनी चाहिए। ओल्ड पेंशन स्कीम देने का मामला राष्ट्रीय मुद्दा है। पूर्व में भाजपा की सरकार ने ओल्ड पेंशन स्कीम बंद की थी और अब केंद्र की मोदी सरकार को ही ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करनी चाहिए। लेकिन भाजपा की डबल इंजन सरकार कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन देना ही नहीं चाह रही है। नई पेंशन स्कीम सरकारी कर्मचारियों के साथ केवल धोखा है। लोग सरकारी नौकरी में इसलिए आते थे क्योंकि पुरानी पेंशन स्कीम से उनकी लाइफ सिक्योर हो जाती थी, पर नयी पेंशन स्कीम की वजह से अब ऐसा कुछ नहीं है।केजरीवाल ने केंद्र की मोदी सरकार और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से अपील है कि पुरानी पेंशन स्कीम दोबारा लागू की जाए।

कर्मचारियों से ओल्ड पेंशन स्कीम छीनने की दोषी भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियां, डबल इंजन सरकार भी कर्मचारी विरोधी : आप

सुरजीत ठाकुर ने कहा कि कर्मचारियों से ओल्ड पेंशन स्कीम को छीनने की दोषी भाजपा के साथ कांग्रेस पार्टी भी है। केंद्र में भाजपा सरकार के समय ओल्ड पेंशन स्कीम को बंद करने की निर्णय लिया तो प्रदेश में कांग्रेस की सरकार ने बिना किसी विरोध के ओल्ड पेंशन स्कीम को लागू कर दिया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कर्मचारियों की ओल्ड पेंशन स्कीम की मांग को लेकर दोहरी नीति अपना रहे हैं। एक तरफ जयराम ठाकुर कर्मचारियों से बात कर कमेटी गठित करने की बात करते हैं तो दूसरी तरफ आंदोलन कर रहे कर्मचारियों पर केस दर्ज कर प्रताड़ित कर रही है। वहीं कांग्रेस सरकार चुनावों के समय कर्मचारियों को गुमराह कर रही है। कांग्रेस शासित प्रदेशों में कहीं भी ओल्ड पेंशन स्कीम लागू नहीं की गई है लेकिन वह हिमाचल में कर्मचारियों को गुमराह कर रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed