शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने सिरमौर जिला के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति दर्जा घोषित करने पर सिरमौर के लोगों को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि सिरमौर जिला के लोग अपनी इस मांग को लेकर लम्बे समय से संघर्षरत थे और उनका यह संघर्ष सफल हुआ है। इसके लिए सिरमौर के लोग बधाई के पात्र हैं।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अपने शासनकाल के दौरान प्रदेश में हाटी समुदाय को जनजाति दर्जा देने की मांग केंद्र से की थी और उन्हें खुशी है कि आज स्व. वीरभद्र सिंह की हाटी को जनजाति दर्जे की मांग फलीभूत हुई है। उन्होंने सरकार से इस फैसले को तुरंत लागू करने को कहा है। हालांकि उन्होंने इस फैसले को प्रदेश विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत लिए गया निर्णय करार देते हुए कहा कि अब देखना यह होगा कि सरकार इस फैसले को कब लागू करती है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में केंद्र सरकार ने प्रदेश की भाजपा सरकार को राजनैतिक लाभ देने के लिए संभवत अब यह निर्णय लिया है। उन्होंने शंका जताई कि कहीं यह निर्णय चुनावी जुमला ही साबित होकर न रह जाए, क्योंकि इन चुनावों में प्रदेश मे भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ेगा।
